ओलिंपिक में भाग ले रहे झारखंड के खिलाड़‍ियों के परिजनों को मुख्‍यमंत्री ने किया सम्‍मानित

जापान के टोक्यो में चल रहे ओलिंपिक खेलों में भाग ले रहे झारखंड के खिलाड़‍ियों के परिजनों को राज्‍य के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्‍मानित किया है। मुख्‍यमंत्री ने दीपिका कुमार निक्‍की प्रधान और सलीमा टेटे के परिवार को घोषणा के अनुसार एक से पांच लाख रुपये दिए।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 12:43 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 06:31 AM (IST)
ओलिंपिक में भाग ले रहे झारखंड के खिलाड़‍ियों के परिजनों को मुख्‍यमंत्री ने किया सम्‍मानित
भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेट्टे व निक्की प्रधान के परिवार को CM हेमंत सोरेन करेंगे सम्मानित। जागरण

रांची, जासं। जापान के टोक्यो में चल रहे ओलिंपिक खेलों में झारखंड की बेटियां अपना परचम लहरा रही हैं। तीरंदाज दीपिका कुमार और हॉकी खिलाड़ी निक्‍की प्रधान तथा सलीमा टेटे ओलिंपिक में हिस्‍सा ले रही हैं। इसी क्रम में आज राज्‍य के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनके परिवार को सम्‍मानित किया है। मुख्‍यमंत्री ने निक्‍की प्रधान और सलीमा टेटे के परिजनों को घोषणा के अनुसार 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी। रांची में आयोजित कार्यक्रम में अल्‍पसंख्‍यक कल्‍याण मंत्री हफीजुल हसन और पूजा सिंघल मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सलीमा के पिता को चेक सौंपा।

मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस दौरान कहा कि आप खेल में अपना जौहर दिखाएं, सरकार आपकी और परिवार की चिंता करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहला मौका है, जब खेल में अपनी प्रतिभा दिखाने वाले खिलाड़ियों को सीधी नियुक्ति दी जा रही है और अब तक 40 लोगों को नियुक्ति दी जा चुकी है। मौके पर निक्की प्रधान के परिजनों ने कहा कि लगता है, अब घर की मरम्मत हो जाएगी। इनका घर लंबे समय से क्षतिग्रस्त था। बरसात के कारण अभी काम भी रुका हुआ है।

इधर, मुख्‍यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि ओलिंपिक और पैरालिंपिक में प्रतिभाग करने वाले राज्य के खिलाड़ियों और उनके परिजनों को सम्मान राशि देने का सौभाग्य मिला। ओलिंपिक से लौटने पर होनहार खिलाड़ियों को उपहार स्वरूप सम्मान दिया जाएगा। आज इस अवसर पर नियुक्ति पत्र पाने वाले खिलाड़ियों को भी अनेक-अनेक शुभकामनाएं और जोहार।

इससे पूर्व भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी सलीमा के पिता सुलक्षण टेटे व निक्की प्रधान के परिवार के लोग मंगलवार को ही सिमडेगा व खूंटी से रांची पहुंचे। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से उनके लिए वाहन उपलब्ध कराया गया था। सलीमा टेट्टे के परिवार को हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी एवं कोच प्रतिमा बरवा ने उन्हें विदा किया।

chat bot
आपका साथी