भोजन में हुई देर तो डंडे से पीटकर कहीं घरेलू व‍िवाद में पत्‍नी को टांगी से काट डाला, खुद भी दे दी जान

झारखंड में रव‍िवार को गुमला में पत‍ि ने पत्‍नी की डंडे से पीटकर हत्‍या कर दी वहीं पलामू में पत‍ि ने पत्‍नी को टांगी से काट डाला। उसने खुद कुएं में कूद कर जान दे दी। घटनाएं मामूली बात को लेकर हुईं। देखते देखते तीन लोगों ने जान गंवा दी।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:26 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 11:26 PM (IST)
भोजन में हुई देर तो डंडे से पीटकर कहीं घरेलू व‍िवाद में पत्‍नी को टांगी से काट डाला, खुद भी दे दी जान
झारखंड में घरेलू व‍िवाद में तीन लोगों ने गंवा दी जान।

रांची (जागरण टीम)। झारखंड में रव‍िवार को र‍िश्‍तों के कत्‍ल की दो शर्मनाक घटनाएं सामने आईं। पहली घटन गुमला ज‍िले में हुई, जहां भोजन में व‍िलंब होने पर पत‍ि ने डंडे से पीटकर पत्‍नी की हत्‍या कर दी। दूसरी घटना पलामू में हुई जहां घरेलू व‍िवाद में पत‍ि ने टांगी से काटकर पत्‍नी को मौत के घाट उतार द‍िया। इतना ही नहीं खुद भी कुएं में कूद कर खुदकुशी कर ली। दोनों घटनाएं झकझोर देने वाली हैं।

गुमला में मामूली विवाद में डंडे से पीटकर पत्नी की हत्या

गुमला ज‍िले के बसिया थाना क्षेत्र के मोरेंग गांव में शनिवार रात लगभग सात बजे पति किशोर खडिय़ा ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी सोमारी खडिय़ाईन की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। बसिया थाने की पुलिस ने आरोपित किशोर खडिय़ा को गिरफ्तार कर लिया है। उसे रविवार को जेल भेज दिया गया है। मृतका सोमारी खडिय़ाईन का मायका भी मोरेंग गांव में ही है। मृतका के पिता डिबो खडिय़ा ने बताया कि किशोर खडिय़ा ट्रैक्टर चलाने का कार्य करता है। शनिवार शाम घर आकर खाना मांगा। इस दौरान पत्नी सोमारी खडिय़ाईन ने कहा कि खाना खत्म हो गया है। खाना बना रही हूं। इसी बात पर दोनों में विवाद होने लगा। विवाद बढऩे पर पति किशोर खडिय़ा ने डंडे से पिटाई कर दी। पिटाई के दौरान ही उसकी मौत हो गई। उसकी छह वर्ष की एक बेटी है।

टांगी से काटकर पत्नी की हत्या के बाद कुएं में कूदकर दी जान

पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र की नौडीहा पंचायत के खजुरी गांव में 50 वर्षीय पति ने 45 वर्षीय पत्नी की टांगी से काटकर हत्या कर दी। इसके बाद पति ने कुएं में कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा कि घरेलू विवाद के कारण रविवार रात यह घटना हुई। हालांकि अभी तक सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जानकारी के अनुसार, बलराम भुईयां और सुकिया देवी के बीच लगातार झगड़ा होता था। शनिवार रात बलराम भुईयां गुस्से में आकर टांगी से वारकर पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों के सहयोग से उसे छतरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहां ले जाने के दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। इधर, घटना के बाद बलराम विक्षिप्त होकर गांव में घूम रहा था। किसी ने उसे पत्नी की मौत की खबर दी। यह सुनकर गांव से दूर भागकर गोपालपुर जा पहुंचा। यहां एक गहरे कुएं में कूद कर जान दे दी। ग्रामीणों ने उसका शव कुआं से निकाला। छतरपुर थाना पुलिस रविवार को दोनों के शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कालेज अस्पताल भेज दिया। मृतकों के चार पुत्र हैं। सभी शादीशुदा हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घरेलू विवाद के कारण घटना हुई है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से कारणों की कोई जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

chat bot
आपका साथी