असामाजिक तत्वों ने फूंका योग प्रशिक्षक का घर

घटना मंगलवार देर रात की है, पुलिस मामले की जांच कर रही है

By Edited By: Publish:Thu, 18 Oct 2018 07:50 AM (IST) Updated:Fri, 19 Oct 2018 12:57 PM (IST)
असामाजिक तत्वों ने फूंका योग प्रशिक्षक का घर
असामाजिक तत्वों ने फूंका योग प्रशिक्षक का घर
संवाद सूत्र, सोनाहातू (रांची) : सोनाहातू थाना क्षेत्र के हारिण गाव में मुख्य पथ के किनारे स्थित जुड़गा निवासी योगा प्रशिक्षक दिलेश्वर महतो के घर में मंगलवार की रात असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। आग लगने से पूरा घर सहित किराने की दुकान का सामान जलकर राख हो गया। घटना रात लगभग 11.30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रतिदिन की भाति दिलेश्वर महतो दुकान को बंद कर सोने के लिए चले गए। आसपास में रहने वाले ग्रामीणों ने अचानक रात को आग की लपटें उठते हुए देखी। तब ग्रामीणों ने समीप में रहने वाले पीएलवी कपिलदेव केसरी की मदद लेते हुए बुंडू से अग्निशमन दस्ता को बुलाया। उनके आने के बाद ही आग पर पूरी तरह से काबू पाया गया। अग्निशमन दस्ता करीब एक घटे तक आग बुझाने में लगा रहा। इस आगजनी में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ बताया जा रहा है। बताया जाता है कि आसामाजिक तत्वों द्वारा दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसकर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। जाते-जाते वे लोग एक सेट चप्पल, लोहे की रॉड, माचिस व बोतल छोड़कर चले गए। घटना की सूचना पर बुधवार की सुबह मुखिया प्रतिनिधि मनोज सिंह मुंडा, पंसस प्रतिनिधि नंदकिशोर महतो, समाजसेवी अभिराम महतो, भोला महतो, जीतराय महतो, प्रफुल्ल चौधरी, संजय महतो समेत कई लोग पहुंचे और भुक्तभोगी को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। आग लगाने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ज्ञात हो कि इसके पहले सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने के लिए भी झारखंड में कुछ योग प्रशिक्षकों पर हमले होते रहे हैं। हालांकि पुलिस के अनुसार यह मामला आपसी दुश्मनी से जुड़ा होने की आशंका है।
chat bot
आपका साथी