गृह मंत्री अमित शाह आज 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बैठक, झारखंड से ब्यौरा लेकर दिल्ली पहुंचे अधिकारी

Amit Shah Meeting Jharkhand News झारखंड के अधिकारी नक्सल प्रभावित जिलों की विकास योजनाओं का ब्यौरा लेकर दिल्ली पहुंचे हैं। इस बैठक में राज्‍यों के सचिव व डीजीपी भी मौजूद रहेंगे। झारखंड के अलावा बिहार बंगाल ओडिशा छत्तीसगढ़ केरल महाराष्ट्र मध्य प्रदेश आंध्रप्रदेश और तेलंगाना के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 08:37 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 09:04 AM (IST)
गृह मंत्री अमित शाह आज 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ करेंगे बैठक, झारखंड से ब्यौरा लेकर दिल्ली पहुंचे अधिकारी
Amit Shah Meeting, Jharkhand News झारखंड के अधिकारी नक्सल प्रभावित जिलों की विकास योजनाओं का ब्यौरा लेकर दिल्ली पहुंचे हैं।

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के नक्सल प्रभावित जिलों में चल रही विकास योजनाओं का ब्यौरा लेकर झारखंड के वरिष्ठ अधिकारी दिल्ली पहुंच गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस मुद्दे पर रविवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 10 राज्यों के मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व डीजीपी के साथ बैठक करेंगे। बैठक में झारखंड, बिहार, बंगाल, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलावा आंध्र प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और तेलंगाना के प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के मुद्दे पर चर्चा होगी। बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग, ग्रामीण विकास, संचार, जनजातीय कार्य व वित्त विभाग के केंद्रीय मंत्री तथा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी रहेंगे।

माओवादियों के फंड को रोकने व पुलिस आधुनिकीकरण पर कितना हुआ काम, लेंगे जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुरक्षा के मुद्दे पर यह जानकारी लेंगे कि माओवादियों की फंडिंग रोकने पर कितना काम हुआ। साथ ही पुलिस आधुनिकीकरण पर भी वे जानकारी लेंगे। इसके अलावा नक्सलियों-उग्रवादियों के विरुद्ध राज्यों में चल रहे अभियान, सुरक्षा बलों की उपलब्धता और हिंसक घटनाओं पर नियंत्रण, खुफिया एजेंसियों के काम की स्थिति के साथ राज्यों के बीच समन्वय व यूनिफाइड कमांड्स पर चर्चा होनी है। केंद्र की महत्वाकांक्षी योजना फोर्टिफाइड पुलिस स्टेशनों के निर्माण पर भी चर्चा होगी।

नक्सल क्षेत्रों में सड़क, दूरसंचार, डाक व एकलव्य विद्यालय का भी लेंगे ब्योरा

केंद्रीय गृह मंत्री नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों में मुख्य सड़क, ग्रामीण सड़क के निर्माण की अद्यतन स्थिति, मोबाइल टावर लगाने की स्थिति, सभी पंचायतों में डाकघरों की स्थिति व एकलव्य विद्यालय का हाल भी जानेंगे।

सीएम रखेंगे विशेष केंद्रीय सहायता कोष के विस्तार का मुद्दा

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य में आदिवासी क्षेत्रों के विकास में केंद्र के योगदान के साथ-साथ राज्य के उग्रवाद प्रभावित जिलों के लिए विशेष केंद्रीय सहायता कोष के विस्तार जैसे मुद्दे को भी रखेंगे। मुख्यमंत्री उग्रवाद प्रभावित जिलों में बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए केंद्र से राज्यों को दी जाने वाली राशि में कटौती से संबंधित मुद्दे भी उठा सकते हैं। हाल ही में केंद्र सरकार ने राज्य के आठ जिलों के लिए विशेष केंद्रीय सहायता फंड में कटौती की है।

इससे पहले राज्य के 16 उग्रवाद प्रभावित जिलों को विशेष सहायता फंड दिया गया था। मनरेगा श्रमिकों की न्यूनतम दैनिक मजदूरी बढ़ाने और इसे अन्य राज्यों के बराबर करने के मुद्दे भी झारखंड के एजेंडे में है। सामाजिक सुरक्षा के दायरे में भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही पेंशन योजनाओं में आवश्यक संशोधन पर भी अपनी बात रखेंगे। राज्य में और एकलव्य विद्यालय स्वीकृत करने व पंचायतों में डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर भी मुख्यमंत्री केंद्रीय नेतृत्व का ध्यान दिलाएंगे।

chat bot
आपका साथी