Hockey India: हाकी इंडिया के महासचिव रजिंदर सिंह बोले, महिला हाकी में आने वाला समय झारखंड का

Hockey India Jharkhand News रजिंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की पहल से जम्मू कश्मीर में खेल का माहौल बना है। धारा 370 हटने के बाद पुलवामा पुंछ व श्रीनगर में तीन एस्ट्रोटर्फ लगे हैं। खिलाड़‍ियों को सुविधाएं ज्यादा मिल रही हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:19 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:29 AM (IST)
Hockey India: हाकी इंडिया के महासचिव रजिंदर सिंह बोले, महिला हाकी में आने वाला समय झारखंड का
Hockey India, Jharkhand News रजिंदर सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर में खेल का माहौल बना है।

रांची, [संजीव रंजन]। महिला हाकी में आने वाला समय झारखंड का है। जिस तेजी से इस राज्य के खिलाड़ी आगे बढ़ रहे हैं, उसे देख यह कहा जा सकता है कि जल्द ही झारखंड महिला हाकी में हरियाणा को पछाड़ आगे बढ़ जाएगा। यह बात हाकी इंडिया व हाकी जम्मू-कश्मीर के महासचिव रजिंदर सिंह ने दैनिक जागरण से विशेष बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि झारखंड शुरू से ही महिला हाकी में बेहतर करता आया है, लेकिन पिछले पांच सालों में यहां के खिलाड़‍ियों को सुविधाएं ज्यादा मिल रही हैं और इसका परिणाम जूनियर से लेकर सीनियर टीम तक में नजर आ रहा है।

टोक्यो ओलिंपिक में झारखंड की दो बेटी निक्की प्रधान व सलीमा टेटे का प्रदर्शन इसी का परिणाम है। आने वाले दिनों में यहां के और भी खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी भारतीय टीम में हरियाणा के खिलाड़‍ियों का दबदबा है, लेकिन अब उन्हें झारखंड से टक्कर मिलेगी। उन्होंने इसके लिए पूरा श्रेय हाकी झारखंड को दिया है, जो बड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ-साथ खिलाड़‍ियों को सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।

जम्मू कश्मीर के परिप्रेक्ष्‍य में उन्होंने कहा कि धारा 370 हटने के बाद पिछले दो सालों में वहां का माहौल पूरी तरह बदल गया है। जम्मू में सिर्फ एक एस्ट्रोटर्फ था। आज पांच एस्ट्रोटर्फ तैयार हैं। इसमें दो जम्मू कश्मीर में (एक पुराना), जबकि एक-एक श्रीनगर, पुंछ व पुलवामा में तैयार किया जा रहा है। ये सभी दो माह में पूरी तरह तैयार हो जाएंगे। सिमडेगा में जूनियर नेशनल महिला हाकी चैंपियनशिप में भाग लेने वाली टीम को एस्ट्रोटर्फ में अभ्यास करने का मौका नहीं मिला है, लेकिन आने वाले समय में नए एस्ट्रोटर्फ पर यहां की टीम तैयारी करेगी।

यह पूछे जाने पर आतंकी घटनाओं से वहां का खेल कितना प्रभावित होता है, रजिंदर सिंह ने कहा कि पहले होता था, लेकिन अब इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ता। यही कारण है कि पुलवामा, पुंछ और श्रीनगर में एस्ट्रोटर्फ बन रहा है। अब अभिभावक स्वयं अपने बच्चों को लेकर आते हैं। हाकी के अलावा अन्य खेलों में भी यहां के लोगों व बच्चों की रुचि बढ़ी है।

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय महिला व पुरुष टीम के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह प्रदर्शन और बेहतर होगा। उन्होंने इसका श्रेय केंद्र सरकार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय हाकी महासंघ के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा को दिया। कहा कि केंद्र की योजना से हाकी की ओर युवाओं का आकर्षण बढ़ा है, वहीं नरेंद्र बत्रा के कारण बड़े टूर्नामेंट आयोजित हो रहे हैं।

chat bot
आपका साथी