तेज रफ्तार कार ने 3 बाइक को रौंदा, बुलेट सवार की मौत; महिला का पैर कटा Ramgrah News

Accident in Jharkhand. रामगढ़ बोकारो मार्ग के एनएच-23 के मुरुबंदा में भीषण सड़क दुर्घटना हुई। घटना के बाद सड़क जाम की स्थिति बन गई।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 05 Jul 2020 04:59 PM (IST) Updated:Sun, 05 Jul 2020 04:59 PM (IST)
तेज रफ्तार कार ने 3 बाइक को रौंदा, बुलेट सवार की मौत; महिला का पैर कटा Ramgrah News
तेज रफ्तार कार ने 3 बाइक को रौंदा, बुलेट सवार की मौत; महिला का पैर कटा Ramgrah News

रजरप्पा(रामगढ़), जासं। रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग के मुरुबंदा के समीप रविवार को एक कार ड्राइवर ने तीन बाइक सवारों को रौंद दिया। कार ने एक-एक कर तीन बाइक सवारों को अपनी चपेट में लिया। इस भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग के साथ एक महिला भी गंभीर रूप से घायल हो गई है। इससे महिला का पैर कट गया है। महिला मृतक उत्तम कुमार (35) की पत्नी है जो बोकारो के सेक्टर-9 स्थित भदुआ की रहने वाली है।

घटना के बाद सड़क जाम की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने बताया कि कार से टकराने के बाद बाइक पर सवार उत्तम कुमार उछलकर कार पर गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। उसकी पत्नी बालिका देवी का दुर्घटना में पैर कट गया। उधर, गोला प्रखंड के रायपुरा के रहने वाले लतीफ और ताहिरा भी गम्भीर रूप से घायल हुए हैं जो पति-पत्नी हैं। बताया जाता है कि टाटा टिगोर कार (बीआर31ए जे-3213) रामगढ़ से बोकारो की ओर जा रही थी।

कार चालक नशे में धुत था। कार की गति बहुत अधिक थी। विपरीत दिशा में गाड़ी चला रहा था और इसी दौरान तीन बाइक सवारों को रौंद दिया। ग्रामीणों के अनुसार कार की चपेट में एक स्प्लेंडर व एक पल्सर बाइक आई। इन्हें टक्कर मारने के बाद भागने के क्रम में कार सवार ने विपरीत दिशा से आ रही एक बुलेट (जेएच09ए आर-4639) को भी सीधी टक्कर मार दी। इससे बुलेट पर सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इससे बुलेट और टिगोर का परखच्चे उड़ गए। ग्रामीणों ने बताया कि कार में सवार चालक सहित सभी लोग नशे में धुत थे। कार में शराब की कई बोतलें व ड्राइ फुड भी रखी थीं। कार चालक ने अपना नाम राजेश कुमार यादव बताया है। वह सोनपुर का रहने वाला है। उसने बताया कि तीन लोगों के साथ बोकारो अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था।

घटना के बाद कार में सवार लोग भाग खड़े हुए। लेकिन ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया। इसकी सूचना मिलने के बाद रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक अभय कृष्ण गिरी और सहायक अवर निरीक्षक अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और लोगों का समझा बुझाकर भीड़ को हटाया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भेजा। जबकि मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

यहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी घायलों को रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने नशे में धुत कार ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया की कार से शराब की बोतल और खाने-पीने की चीजें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार यह घटना कार सवार लोगों के अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई। दुर्घटनाग्रस्त बुलेट और टियागो कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

chat bot
आपका साथी