गुरु नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला..

सतगुर नानक परगटया.. धन नानक तेरी बढ्डी कमाई..आदि शबद गायन से प्रकाश पर्व की शुरुआत हुई।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Nov 2019 03:13 AM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 06:16 AM (IST)
गुरु नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला..
गुरु नानक नाम चढ़दी कला, तेरे भाणे सरबत दा भला..

जागरण संवाददाता, रांची : सतगुर नानक परगटया.., धन नानक तेरी बढ्डी कमाई..आदि शबद गायन से पीपी कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल परिसर गुंजायमान रहा। अवसर था गुरु नानकदेव के 550वें प्रकाश पर्व का। गुरुनानक देव के जन्म स्थान ननकाना साहिब के प्रारूप पर बने भव्य पंडाल में सहज पाठ की समाप्ति के बाद सुबह 10 बजे विशेष दीवान सजाया गया। 125 लोगों ने गुरु ग्रंथ का सामूहिक पाठ किया। रागी भरपूर सिंह ने भाई गुरदास द्वारा रचित वाणी सतगुरु नानक प्रगटया, मिटी धुंध जग..पेश कर दीवान की शुरुआत की। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दरबार में आम और खास का भेद मिट गया। सिख ही नहीं अन्य धर्म के लोग भी सिर ढंक कर गुरु के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचे। गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष आस्था से मत्था टेक आशीष की विनती की। आस्था और सद्भाव का अद्भाुत दृश्य देखने को मिल रहा था। शाम चार बजे दीवान की विधिवत समाप्ति हुई। रात्रि दीवान आठ बजे से मध्य रात एक बजे तक चला। अखंड पाठ समापन, आरती एवं अरदास के साथ समापन हुआ।

दोपहर 12 बजे के बाद गुरु का अटूट लंगर आरंभ हुआ। श्रद्धालु पंक्तिबद्ध होकर लंगर छका। विशेष दीवान का आयोजन गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंघ सभा मेन रोड की ओर से किया गया था। मुख्य रूप से नगर विकास मंत्री सीपी सिंह, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह सेठी, झामुमो नेत्री महुआ मांझी, एसएसपी अनीश गुप्ता सहित कई गणमान्य ने अपनी उपस्थिति दर्ज करायी।

---

गुरुनानक स्कूल के बच्चों ने शबद गायन कर संगत को किया निहाल

देर शाम तक भजन कीर्तन चलता रहा। विभिन्न गुरुद्वारों से विशेष तौर पर आए रागी जत्था ने कीर्तन, गुरुवाणी से साध संगत को मंत्रमुग्ध कर दिया। गुरुनानक स्कूल के बच्चों ने सामूहिक शबद गायन किया। हुजूरी रागी भाई संदीप ने नाना आखै हाजिया.., जम्मू के रागी जगतार सिंह ने मेरे लाल जीऊ तेरा अंत न जाना..से माहौल नानकमय बना दिया।

--

मन और चित्त को वाणी से जोड़ने पर ही मिलेगी गुरु कृपा: ज्ञानी हरनाम सिंह

दिल्ली शीशगंज के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी हरनाम सिंह ने कहा कि गुरु की हुजूरी में नतमस्तक होने से बात नहीं बनेगी। मन और चित्त को वाणी से जोड़ना होगा। मन जीते जगजीत की अवस्था को अपनाना होगा। उन्होंने नानक नाम चढ़दी कला के सिद्धांत पर प्रकाश डाला। डॉ हरमिंदर बीर सिंह ने गुरु नानक देव के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गुरुवाणी को आत्मसात करने की अपील की। गुरुद्वारा के अध्यक्ष डॉ गुरमीत सिंह ने समस्त साध संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन महासचिव गगनदीप सिंह सेठी ने किया।

--

रक्तदान शिविर लगा

गुरुनानक स्कूल परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें काफी लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। यह शिविर हरमीत सिंह के देखरेख में लगाया गया।

आयोजन में इनकी रही भूमिका

महेंद्र सिंह, हरजीत सिंह सिवंकी, सुजीत सिंह सलूजा, मनदीप सिंह, हरजीत सिंह होड़ा, रंजीत सिंह, भूपेंद्र सिंह नीट्टू, परमजीत भसीन, जसपाल सिंह, रणवीर सिंह, इंदर सिंह होड़ा, जसप्रीत सिंह, कुलतार सिंह, बलवीर सिंह सलूजा आदि आयोजन की व्यवस्था संभाल रहे थे।

----

शहर में हर ओर उत्सव का नजारा

प्रकाश पर्व को लेकर राजधानी नानकमय बनी रही। सिख धर्मावलंबियों के घरों में उत्सव सा नजारा था। दिन की शुरुआत गुरुनानक देव के अरदास से की। मीठे-मीठे पकवान बने। एक दूसरे को गुरुपर्व की बधाईयां दी। इसके बाद नजदीक के गुरुद्वारे पहुंचकर विशेष दीवान में शामिल हुए। पीपी कंपाउंड के अलावा शहर के अन्य गुरुद्वारे में भी विशेष दीवान सजाये गए।

........................

गुर नानक परगटया मिट्टी धुंध जग चानन होया..

रांची : रातू रोड कृष्णानगर कॉलोनी में मंगलवार को गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से विशेष रैण सबाई दीवान सजाया गया। दीवान की शुरुआत रात 8.30 बजे स्त्री सत्संग सभा की शीतल मुंजाल एवं रेशमा गिरधर के शबद गायन से हुई। बाबा नानक तेरी जय होवे.., भया अनंद जग विच कल तारण गुर नानक आया..आदि शबद गायन से संगत निहाल हो गया। गुरुद्वारा के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जिवेंदर सिंह जी ने कथावाचन कर गुरुनानक देव जी के बारे में बताया। श्रद्धालुओं को नानकदेव के बताए मार्ग पर चलने की अपील की। भाई कमलजीत सिंह, हजूरी जत्था, दरबार साहिब ने साहेबा मेरे साहेबा कौण जाड़ें गुण तेरे.. तथा तूं चित आवै तेरी मया, सिमरत नाम सगल रूप भया..शबद गायन किया। विशेष तौर पर शिरकत करने पहुंचे भाई जगतार सिंह जम्मू वाले ने सत गुर नानक परगटया मिट्टी धुंध जग चानन होआ.., किलविखो नसवंजो करता घर आया..पेश कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष दीवान से पूर्व पिछले 10 नवंबर को रखे गए सहज पाठ की समाप्ति की गई।

---

मंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरु ग्रंथ साहिब के सामने शीश नवाजा

प्रकाश पर्व पर मुख्य अतिथि के रूप में जनजातीय मामलों के कैबिनेट मंत्री अर्जुन मुंडा ने गुरुग्रंथ साहिब के सामने शीश नवाजा। मौके पर सत्संग सभा के अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी ने अर्जुन मुंडा को 550 वें प्रकाश पर्व पर जारी विशेष सिक्का भेंट किया तथा सरोपा देकर सम्मानित किया। अध्यक्ष हरविंदर सिंह बेदी ने समूह साध संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी।

---

संगत के बीच बांटे गए कपड़ा के 550 बैग

सत्संग सभा के स्कूल गुरुनानक बाल मंदिर कमेटी ने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की। मौके पर कपड़े के 550 बैग बांटे गए।

--

रात 1:30 बजे समाप्त हुआ विशेष दीवान

अरदास, हुकुमनामा तथा प्रसाद वितरण के साथ रात 1.30 बजे दीवान की समाप्ति हुई। रात 10 बजे से गुरु का अटूट लंगर चलाया गया।

इस दौरान आयोजन की व्यवस्था में गुरूनानक भवन कमेटी, गुरुनानक बाल मंदिर स्कूल कमेटी, स्त्री सत्संग सभा, माता गुजरी जत्था तथा गुरूनानक सेवक जत्था का विशेष सहयोग रहा। मुख्य रूप से लेखराज अरोड़ा, जुगल किशोर मिढा, प्रेम सुखीजा, प्रेम मिढ़ा, अर्जुन दास मिढ़ा, चरणजीत मुंजाल, हरीश मिढ़ा, सुभाष मिढ़ा, रमेश पपनेजा, सुरेश मिढ़ा, हरजीत बेदी, बलदेव सिंह मक्कड़, मोहनलाल काठपाल, जगदीश मिढ़ा, लक्ष्मण सरदाना, रमेश गिरधर, कुलदीप चुचरा, लक्ष्मण अरोड़ा, जीवन मिढ़ा, महेंद्र अरोड़ा, प्रताप तलेजा, नरेजश पपनेजा आदि की प्रमुख भूमिका रही।

chat bot
आपका साथी