National Pride Dayः देश के नौ राज्यों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बनाया जाएगा, प्रधानमंत्री ने किया ऐलान

National Pride Dayः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश में रांची की तर्ज पर गुजरात आंध्र प्रदेश छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश केरल मिजोरम और गोवा समेत नौ राज्यों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बनाया जाएगा। वे बीच-बीच में संथाली भी बोलते रहे।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 11:47 AM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 11:47 AM (IST)
National Pride Dayः देश के नौ राज्यों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बनाया जाएगा, प्रधानमंत्री ने किया ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भोपाल से रांची स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया।

रांची, जासं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को 10:00 बजे दिल्ली से रांची स्थित बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया। ठीक उसी समय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी स्मृति उद्यान सह स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन किया। उद्घाटन के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा एक व्यक्ति नहीं, बल्कि परंपरा हैं। उनका जीवन दर्शन का प्रतिरूप है। उन्हें यूं ही धरती आबा नहीं कहा जाता। जिस समय महात्मा गांधी दक्षिण अफ्रीका में रहकर अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की भूमिका तैयार कर रहे थे, उससे पहले ही वीर बिरसा मुंडा अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष शुरू कर स्वतंत्रता आंदोलन की आवाज बन चुके थे। उन्होंने देश के लिए ऐसा इतिहास लिखा, जो सभी के लिए आदर्श है।

उन्होंने कहा कि उनके इतिहास को फिर से पुनर्जीवित किया जा रहा है। ताकि लोग इतिहास, उनके त्याग और बलिदान शक्ति को भूल न सके। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसीलिए वह जनजाति गौरव दिवस मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में रांची की तर्ज पर गुजरात, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, केरल, मिजोरम और गोवा समेत नौ राज्यों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय बनाया जाएगा ताकि आजादी के परवानों की स्मृति कायम रखी जा सके। प्रधानमंत्री ने अपने भाषण की शुरुआत संथाली से की। बीच-बीच में भी वह संथाली बोलते रहे।

उन्होंने कहा कि उन्होंने आदिवासियों के बीच अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा बिताया है। इसलिए यह उनके लिए काफी भावुक कर देने वाला है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भी याद किया और कहा कि यह अटल बिहारी वाजपेयी की दृढ़ इच्छा शक्ति थी कि उन्होंने झारखंड का निर्माण किया। इसके पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की याद में बने इस स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन एक ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि जब देश के लोगों ने आजादी का सपना भी नहीं देखा था, तब झारखंड की संथाल, पलामू, छोटानागपुर आदि इलाकों में वीर सपूत अंग्रेजों से लड़ाई लड़ रहे थे।

भाजपाइयों और झामुमो नेताओं ने जमकर की नारेबाजी

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जब भाषण की शुरुआत की तो भाजपाइयों ने मोदी मोदी के नारे लगाने शुरू कर दिए। फिर लोगों ने उन्हें शांत कराया। इसके बाद जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का ऑनलाइन उद्घाटन किया तो झामुमो के लोग भी हेमंत सोरेन जिंदाबाद और शिबू-शिबू के नारे लगाने लगे। इन नारों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण लोग नहीं सुन पाए। प्रधानमंत्री के भाषण के बाद जब केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भाषण देना शुरू किया तो फिर झामुमो नेताओं ने शिबू शिबू और हेमंत सोरेन जिंदाबाद के नारों का शोर मचा दिया।

अर्जुन मुंडा का भाषण भी लोग ठीक से नहीं सुन सके। कार्यक्रम खत्म होने के काफी देर तक दर्शक दीर्घा में झामुमो नेता और भाजपा नेता व कार्यकर्ता एक दूसरे के खिलाफ समूह बनाकर नारेबाजी करते रहे। इस उद्घाटन कार्यक्रम में आई आम जनता इसे काफी नाराज दिखी। उन्होंने कहा कि वे लोग भाषण नहीं सुन सके। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।

chat bot
आपका साथी