Jharkhand Crime: खूंटी के तोरपा में दो नाबालिगों का अपहरण कर चार लोगों ने किया दुष्कर्म, दो गिरफ्तार

Jharkhand Crime तोरपा थाना क्षेत्र से दो नाबालिगों का अपहरण कर चार लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। चार आरोपितों में से दो को पुलिस से गिरफ्तार भी कर लिया है और दो की तलाश जारी है। गिरफ्तार दो आरोपितों में एक नाबालिक है।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 05:47 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 05:47 PM (IST)
Jharkhand Crime: खूंटी के तोरपा में दो नाबालिगों का अपहरण कर चार लोगों ने किया दुष्कर्म, दो गिरफ्तार
दो नाबालिगों संग दुष्कर्म के आरोप में चार आरोपितों में से दो को पुलिस से गिरफ्तार कर लिया है ।

तोरपा(खूंटी),जासं। तोरपा थाना क्षेत्र से दो नाबालिगों का अपहरण कर चार लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। चार आरोपितों में से दो को पुलिस से गिरफ्तार भी कर लिया है और दो की तलाश जारी है। गिरफ्तार दो आरोपितों में एक नाबालिक है। इस संबंध में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए मामले में शामिल दो अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को तोरपा थाना में दो नाबालिग लड़कियों को किसी अज्ञात द्वारा अपहरण करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

तोरपा थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। कांड की गंभीरता को देखते हुए खूंटी जिला के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने कांड के उद्भेदन और घटना में शामिल अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की। गहन तकनीकी अनुसंधान में आए तथ्यों के आलोक में गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न स्थलों पर अपहृताओं की बरामदगी एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी करते हुए दोनों पीड़िताओं को बरामद किया गया। बरामद पीडि़ताओं के बयान के अनुसार उनके अपहरण एवं उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने में कुल चार व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई।

पीडि़ताओं ने पुलिस को बताया कि दुष्कर्म करने वाले आरोपितों से उनकी पहले से दोस्ती थी और फोन पर बातचीत होती थी। फोन से ही इन्हें बुलाने पर वे लोग गई थीं। इसके बाद छापेमारी करते हुए घटना में शामिल अभियुक्त तोपल सोय के साथ एक नाबालिक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपने-अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपने दो अन्य साथियों के साथ दोनों अपहृताओं को ले जाकर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने की बात को स्वीकार किया है। घटना में शामिल अन्य दो व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपित की तय हो चुकी है शादी

नाबालिग से दुष्कर्म करने के आरोपित तोपल सोय की शादी तय हो चुकी है। तोपल अड़की थाना क्षेत्र के कोचांग का रहने वाला है और उसकी शादी मुरहू थाना क्षेत्र के सेंदा गांव में तय हुई है। पुलिस ने उसे उसके होने वाले ससुराल सेंदा से गिरफ्तार किया है। इस संबंध में तोरपा थाना में अपहृत नाबालिक के पिता ने मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टेंपो संख्या जेएच 01बीएन 1324 व मोबाईल जब्त किया है। छापेमारी टीम में तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश तिवारी, तोरपा अंचल के पुलिस निरीक्षक दिग्विजय सिंह, तोरपा थाना प्रभारी अरविंद कुमार, कर्रा थाना प्रभारी मुन्ना कुमार सिंह, तोरपा थाना के पुअनि महती बोयपाई, संदीप बनर्जी व अकबर अमहद खान, तपकरा थाना के पुअनि रंजीत किशोर समेत क्यूएटी व पुलिस बल के जवान शामिल थे।

chat bot
आपका साथी