बलियापुर से 160 किमी की पदयात्रा कर सैकड़ों लोग पहुंचे रांची

धनबाद के बलियापुर से शुरू होकर 160 किलोमीटर की विशाल पदयात्रा राजभवन पहुंची।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 07:05 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 07:05 PM (IST)
बलियापुर से 160 किमी की पदयात्रा कर सैकड़ों लोग पहुंचे रांची
बलियापुर से 160 किमी की पदयात्रा कर सैकड़ों लोग पहुंचे रांची

जागरण संवाददाता, रांची: धनबाद के बलियापुर से शुरू होकर 160 किलोमीटर की विशाल पदयात्रा पांचवे दिन राजधानी रांची स्थित राजभवन पहुंची। इस पदयात्रा में सैकड़ों लोग पारंपरिक वेशभूषा में ढोल नगाड़ा, छऊ नृत्य, नटुवा नाच,घोड़ा नाच के साथ शामिल थे। सोमवार सुबह ब्लॉक चौक ओरमांझी में कुरमी समाज के लोग पदयात्रा करते हुए विकास, बीआइटी मोड़, बूटी मोड़, बरियातू, कचहरी चौक होते हुए राजभवन रांची पहुंचे। वहां पहुंचकर समाज के 11 सदस्य प्रतिनिधि मंडल की ओर से राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री को पवित्र मिट्टी एवं मांग पत्र सौंपा गया। इस पदयात्रा के माध्यम से झारखंड सरकार से विनोद बिहारी महतो को झारखंड पितामह का दर्जा देने, बोकारो एयरपोर्ट का नामकरण विनोद बिहारी महतो एयरपोर्ट करने, सरकारी पाठ्यक्रम में उनकी जीवनी शामिल करने, राजभवन एवं विधानसभा में उनकी आदमकद प्रतिमा लगाने एवं राजधानी रांची में समाधि स्थल बनाने की मांग की गई। मोर्चा के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामपोदो महतो ने कहा कि झारखंड सरकार यदि विनोद बिहारी महतो को उक्त मांग के आधार पर उचित सम्मान नहीं देती है तो पूरे राज्य में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान दिया जाना चाहिए। केंद्रीय मीडिया प्रभारी ओम प्रकाश महतो ने कहा कि बिनोद बिहारी महतो ने झारखंड की जनता में राजनीतिक चेतना और शिक्षा की अलख जगाई और झारखंड अलग राज्य के सपने को साकार करवाए। इसलिए अब राज्य सरकार अविलंब उनको उचित सम्मान देने का कार्य करें। पदयात्रा में चंद्र प्रकाश चौधरी, रांची के सांसद संजय सेठ, पूर्व मंत्री छत्रुराम महतो, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, हटिया के विधायक नवीन जयसवाल, आदि हजारों लोग शामिल थे।

chat bot
आपका साथी