Corona Vaccine: कोरोना से बचाना है तो रोज दो लाख लोगों को लगाना होगा टीका

Jharkhand Corona Vaccine Update राज्य में अभी तक 25 लाख को ही कोरोना वायरस वैक्‍सीन की पहली डोज लगी है। 3.84 लाख का पूर्ण टीकाकरण हो गया है। 18 से 45 वर्ष की आबादी के टीकाकरण पर 1400 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 07:02 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 07:17 PM (IST)
Corona Vaccine: कोरोना से बचाना है तो रोज दो लाख लोगों को लगाना होगा टीका
Jharkhand Corona Vaccine Update राज्य में अभी तक 25 लाख को ही कोरोना वायरस वैक्‍सीन की पहली डोज लगी है।

रांची, [नीरज अम्बष्ठ]। कोरोना के खिलाफ जंग में टीकाकरण सबसे बड़ा अस्त्र साबित हो रहा है। वर्तमान में कोरोना संक्रमण से हो रही मृत्यु के आंकड़े बता रहे हैं कि जिन्हें दोनों डोज का टीका लग चुका है, उनमें कोरोना का संक्रमण कम हो रहा है। यदि संक्रमण हो भी गया तो उनकी जान पर कोई खतरा नहीं आ रहा है। झारखंड के भी आंकड़े बता रहे हैं कि पिछली लहर के विपरीत इस बार मृत्यु दर 60 वर्ष से ऊपर के लोगों से अधिक इससे कम आयु वाले लोगों की है, जिनका अभी टीकाकरण नहीं हो सका है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) भी शीघ्र अधिसंख्य आबादी के टीकाकरण पर जोर दे रही है। जहां तक झारखंड की बात है तो यदि राज्य की कम से कम 70 फीसद आबादी का भी टीकाकरण करना हो तो राज्य में वर्तमान अनुमानित आबादी 3.77 करोड़ के अनुसार, लगभग 2.64 करोड़ लोगों काे टीका लगाना होगा। इनमें से 25 लाख 690 लोगों को पहली डोज का टीका 21 अप्रैल तक लग चुका है। शेष लगभग 2.39 करोड़ आबादी को पहली डोज का टीका का लक्ष्य एक मई से अगले तीन माह में पूरा करने के लिए प्रतिदिन लगभग 2.65 लाख लोगों को टीका लगाना होगा।

इसी तरह, राज्य में 45 वर्ष से अधिक उम्र की आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य लगभग 83.86 लाख है। इनमें लगभग 20.40 लाख को पहली डोज का टीका लग चुका है। शेष 63.46 लाख की आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य एक माह में पूरा करना है तो प्रतिदिन लगभग 2.12 लाख लोगों को टीका लगाना होगा। जहां तक 45 वर्ष से अधिक आबादी के टीकाकरण की बात करें तो केंद्र सरकार ने इसका वहन स्वयं करने का निर्णय लिया है। यदि केंद्र सरकार शेष आबादी का खर्च राज्य सरकार को वहन करने को कहती है तो लगभग 1.75 करोड़ आबादी के दोनों डोज के लिए राज्य सरकार को 1,400 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

राज्य सरकार को टीका क्रय की तैयारी पहले से ही करनी होगी, क्योंकि बिहार सहित कई राज्यों की सरकारों ने अपने खर्च से इस आबादी के टीकाकरण कराने की घोषणा कर दी है। इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। झारखंड सरकार ने अभी इसपर कोई निर्णय नहीं लिया है। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता कह चुके हैं कि राज्य के सभी लोगों के टीकाकरण को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है और इसपर मुख्यमंत्री से विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।

विशेषज्ञों के अनुसार, सरकार को दिखानी होगी तत्परता

चिकित्सा क्षेत्र के विशेषज्ञों का भी मानना है कि टीके को लेकर झारखंड सरकार को भी तत्परता दिखानी होगी, क्योंकि टीके का उत्पादन कम है और इसे खरीदने के लिए राज्यों में होड़ भी हो सकती है। यदि झारखंड इसमें पिछड़ेगा तो नुकसान हो सकता है। फिर स्थिति रेमडेसिविर या अन्य मेडिकल वस्तुएं जैसी हो सकती हैं। राज्य स्तर पर टीका क्रय करने से लेकर कंपनी को आर्डर देने तक की प्रक्रिया शीघ्र पूरी होनी चाहिए।

मृत्यु दर अधिक, लेकिन लक्ष्य के विरुद्ध एक चौथाई से भी कम टीकाकरण

कोरोना के नए स्ट्रेन (यूके स्ट्रेन व डब्ल स्ट्रेन) से झारखंड में 45 वर्ष से अधिक आयु के मरीजों की मृत्यु दर अधिक है। टीकाकरण से इस आयु वर्ग के लोगों की जान बचाई जा सकती है। लेकिन राज्य में स्थिति यह है कि अभी तक राज्य में इस आयु वर्ग का लक्ष्य के विरुद्ध 24 फीसद ही पहली डोज का टीकाकरण ही हो सका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य सरकार को इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए इस आबादी के टीकाकरण का लक्ष्य शीघ्र पूरा करने को कहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि झारखंड में राष्ट्रीय औसत से कम इस आयु वर्ग को पहली डोज लगी है। इस आलोक में राज्य के अभियान निदेशक रविशंकर शुक्ला ने सभी सिविल सर्जनों को इस आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण में तेजी लाने का कहा है।

फैक्ट फाइल

- 25 लाख 690 लोगों को राज्य में अबतक टीका की पहली डोज लग चुकी है। इनमें 1,95,646 हेल्थ केयर वर्कर्स, 2,64,882 फ्रंटलाइन वर्कर्स तथा 20,40,162 सामान्य नागरिक शामिल हैं।

- 3,84,250 लोगों को टीका की दूसरी डोज भी लग चुकी है।

किस जिले में लक्ष्य के विरुद्ध कितना टीकाकरण

जिला - लक्ष्य - पहली डोज का टीकाकरण (प्रतिशत में)

बोकारो 5,24,313 1,16,893 22

चतरा 2,65,136 65,920 25

देवघर 3,79,334 57,331 15

धनबाद 6,82,486 1,84,439 27

दुमका 3,35,954 86,626 26

पूर्वी सिंहभूम 5,83,190 1,87,725 32

गढ़वा 3,36,296 61,822 18

गिरिडीह 6,21,720 1,35,530 22

गोड्डा 3,33,948 61,840 19

गुमला 260,643 75,552 29

हजारीबाग 4,40,966 1,15,629 26

जामताड़ा 2,01,109 52,182 26

खूंटी 1,35,223 47,008 35

कोडरमा 1,82,097 54,519 30

लातेहार 1,84,822 42,028 23

लोहरदगा 1,17,402 39,523 34

पाकुड़ 2,28,917 45,604 20

पलामू 4,93,179 1,47,701 30

रामगढ़ 2,41,380 58,164 24

रांची 7,40,900 1,76,612 24

साहिबगंज 2,92,512 32,113 11

सरायकेला खरसावां 2,70,773 68,045 25

सिमडेगा 1,52,433 38,313 25

पूर्वी सिंहभूम 3,81,944 89,043 23

chat bot
आपका साथी