Ranchi news : रहें तैयार, कल कांके और हिनू में अतिक्रमण हटाने को चलेगा बुलडोजर

हाई कोर्ट के आदेश पर रांची के विभिन्न जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान मंगलवार से ही शुरू हो गया। हिनू नदी के किनारे कटहल गोंदा से बंधुनगर तक लगभग साढ़े चार घंटे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। गुरुवार से कांके व हिनू से अतिकऱमण हटेगा।

By Sanjay Kumar SinhaEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 06:10 AM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 06:10 AM (IST)
Ranchi news : रहें तैयार, कल कांके और हिनू में अतिक्रमण हटाने को चलेगा बुलडोजर
रांची के विभिन्न जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान मंगलवार से ही शुरू हो गया

रांची (जांस) : हाई कोर्ट के आदेश पर रांची के विभिन्न जल स्रोतों को अतिक्रमण मुक्त करने का अभियान मंगलवार से ही शुरू हो गया। हिनू नदी के किनारे कटहल गोंदा से बंधुनगर तक लगभग साढ़े चार घंटे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन और पुलिस के इस संयुक्त अभियान में कुल 10 कच्चे-पक्के मकान और दूसरी संरचनाओं को जमींदोज कर दिया गया। अभियान के दौरान दो पक्के मकान, सात एस्बेस्टस के घर, एक शौचालय और एक बाउंड्री वाल गिराई गई। शुरू में लोगों ने हंगामा किया, लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी और अधिकारियों के समझाने पर लोग शांत हुए।

अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को साफ साफ समझाया कि ये टूटना ही है। इसका कोई विकल्प नहीं है। इसलिए सहयोग करें। इसके बाद कुछ लोगों ने खुद कच्ची पक्की संरचनाएं तोडऩी शुरू कर दी। सुबह 11.30 बजे शुरू हुआ अभियान शाम को लगभग चार बजे तक चला। दल का नेतृत्व अरगोड़ा के अंचलाधिकारी अरङ्क्षवद कुमार ओझा कर रहे थे। उनके साथ डोरंडा थाना प्रभारी, अंचल निरीक्षक के साथ ही 70 महिला पुरुष पुलिस के जवान और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद थे। अंचलाधिकारी अरङ्क्षवद कुमार ओझा ने बताया कि बुधवार को सरकारी अवकाश है, इसलिए अब गुरुवार से अभियान लगातार चलेगा।

विरोध करने वालों को सीओ ने समझाया : न्यू बंधुनगर में हिनू नदी के किनारे बने मकानों पर जब जेसीबी चलने लगी तो लोग विरोध पर उतर आए। विरोध करने वालों में महिलाओं की संख्या अच्छी खासी थी। महिलाओं का कहना था कि उन लोगों ने जमीन खरीदी है। इसके बाद मकान बना है। प्रशासन ने उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया। इस पर सीओ ने उन्हें समझाया कि उन्होंने महीना भर पहले ही एलान करा दिया था। तभी सबको मकान खाली कर अतिक्रमण तोड़ देना चाहिए था। लोगों का कहना था कि नगर निगम ने अवैध मकानों की जो सूची तैयार की है उनमें कई पक्के मकानों के मालिकों का नाम हैं। मगर, उन मकानों को नहीं तोड़ा जा रहा है। गरीबों के मकानों को ही क्यों तोड़ा जा रहा है।

दो दिन में तोड़ लीजिए अतिक्रमित हिस्सा : न्यू बंधुनगर में काफी देर तक कार्रवाई करने के बाद जो अतिक्रमित हिस्सा बचा अधिकारियों ने मकान मालिक को कह दिया कि वो ये हिस्सा खुद से तोड़ लें। लोगों ने कहा कि वो अतिक्रमित हिस्सा खुद हटा लेंगे। ट्रांसफार्मर के पास अद्र्ध निर्मित मकान का अभी सिर्फ ढांचा ही खड़ा हुआ है। सीओ पहले इस मकान को तोडऩे पर अड़े थे। जेसीबी वाले को आदेश दिया कि इसे तोड़ दो। मगर, जब महिला रोने लगी तो उसे भी दो दिन की मोहलत दी गई कि खुद ही तोड़ कर सारा सामान हटा ले।

पुलिस ने भी सूझबूझ से लिया काम : अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान कई बार मामला गरमाया। महिलाओं ने विरोध किया और कुछ महिलाएं तो जेसीबी के सामने लेटने जा रही थीं। मगर, महिला पुलिस कर्मियों ने भी सूझबूझ से काम लेते हुए महिलाओं को समझाया और वहां से हटाया। इसके चलते कोई बवाल नहीं हुआ और अभियान शांतिपूर्ण तरीके से चलता रहा।

लोगों ने आनन फानन हटाए अपने सामान : प्रशासन के अधिकारियों और जेसीबी को देखते ही लोगों ने अपने सामान खुद ही हटा लिए थे। लोगों का सारा सामान खुले आसमान के नीचे रखा हुआ था। जिन घरों पर जेसीबी चली उनके घर के लोग काफी परेशान रहे। एक महिला रेखा ने बताया कि उनके घर में खाना तक नहीं बना है। बच्चे भूखे हैं। कई लोग अपने मकान का अतिक्रमित हिस्सा खुद ही तोड़ रहे थे। जिनकी छत एस्बेस्टस की है उसे हटाया जा रहा था।

आगे क्या

22 को कांके में हटेगा अतिक्रमण : 22 जुलाई को कांके में अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां से 34 अतिक्रमित ढांचे पर बुलडोजर चलेगा। 23 जुलाई को भी यहीं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। हिनू नदी के पास से भी 22 जुलाई को अतिक्रमण हटाया जाएगा। यहां 24 जुलाई तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। यहां से 75 अतिक्रमित ढांचों पर बुल्डोजर चलाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी