Hi-tech travel: राजधानी रांची में दौड़ेंगी इलेक्ट्रॉनिक बसें, तैयार हो रहा है खाका

Hi-tech travel राजधानी में अब आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक बसें दौड़ेंगी। इलेक्ट्रॉनिक बसों में जीपीएस सिस्टम रहेगा। इससे रांची नगर निगम का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की बसों पर निगरानी रहेगी। इसके लिए रांची नगर निगम प्लान तैयार कर रहा है। इसके अलावा सामान्य बसें और एसी बसें भी चलाई जाएंगी।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 09:17 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 09:17 AM (IST)
Hi-tech travel: राजधानी रांची में दौड़ेंगी इलेक्ट्रॉनिक बसें, तैयार हो रहा है खाका
राजधानी रांची में इलेक्ट्रिनिक बसें चलाने की तैयारी की जा रही है।

रांची,जासं । राजधानी में अब आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक बसें दौड़ेंगी। इलेक्ट्रॉनिक बसों में जीपीएस सिस्टम रहेगा। इससे रांची नगर निगम का कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की बसों पर निगरानी रहेगी। इसके लिए रांची नगर निगम प्लान तैयार कर रहा है। इलेक्ट्रॉनिक बसों के अलावा सामान्य बसें और एसी बसें भी चलाई जाएंगी। इन बसों का किराया कम रखा जाएगा। ताकि लोगों को सस्ती और बेहतर बस सेवा का लाभ मिल सके। यह बसें हर उस इलाके में चलाई जाएंगी जहां अभी यातायात के साधन नहीं मिलते। इससे जनता को राजधानी के सभी इलाकों में पहुंचने में आसानी हो जाएगी।

राजधानी में इलेक्ट्रॉनिक, एसी और सामान्य बसें चलाने की योजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मोड में धरातल पर उतरेगी। इस संबंध में रांची नगर निगम ने एजेंसी ट्रांजैक्शन एडवाइजर का चयन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह एजेंसी ही पूरे प्लान की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगी। एजेंसी के चयन को लेकर मंगलवार को रांची नगर निगम के सभागार में छह कंपनियों को बुलाया गया था। इनमें से दो कंपनियां में मेसर्स टंडन अर्बन सोल्यूशन और मेसर्स क्रेडिबल एम एंड सी प्राइवेट लिमिटेड के ही प्रतिनिधि आए। इन दोनों कंपनियों ने अपना प्रेजेंटेशन नगर निगम के अधिकारियों के सामने रखा।

नगर निगम की तरफ से सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार, अधीक्षण अभियंता रमाशंकर राम, कार्यपालक अभियंता रमेश कुमार और नगर प्रबंधक मृत्युंजय कुमार ने प्रेजेंटेशन देखा। इन दो एजेंसियों में से अब ट्रांजैक्शन एडवाइजर का चयन होगा। ट्रांजैक्शन एडवाइजर एजेंसी ही पूरी योजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगी। एजेंसी पूरे राजधानी में सिटी बसों के परिचालन की रूट की मैपिंग करेगी। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने निर्देश दिया है कि उन सभी रूट पर बसों को चलाया जाए। जिन पर अभी यातायात की सुविधा उपलब्ध नहीं है। नगर निगम के सभी वार्ड में यह बसें चलाई जाएंगी।

जिस कंपनी का चयन होगा। वह डीपीआर तैयार करने से पहले नगर निगम के वार्ड वार यात्रियों की संख्या का आकलन करेगी और इसके बाद तय किया जाएगा कि राजधानी के लिए कितनी सामान्य बसें खरीदी जाएं। कितनी एसी बसें खरीदी जाएं और कितनी इलेक्ट्रॉनिक बसें खरीदी जाएंगी। रूट के अनुसार बसों का किराया भी एजेंसी तय करेगी। रांची नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक बसों को चलाने के लिए रांची नगर निगम एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तैयार करेगा। इससे सभी बसों को संचालित किया जाएगा। बसों की कमान इस सेंटर के हाथ में रहेगी। यह सेंटर ही बसों की निगरानी करेगा। कौन सी बस किस रूट पर और कहां है। सेंटर में सारी जानकारी रहेगी।

स्थापित की जाएगी इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग सिस्टम

रांची नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन के लिए इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग सिस्टम भी तैयार किया जाएगा, जिससे यात्रियों को असुविधा न हो। यात्री पहले ही ऑनलाइन टिकट कटा सकेंगे और टिकट की कीमत का भुगतान भी वह ऑनलाइन कर सकेंगे। इस तरह सिटी बस का यह पूरा सिस्टम हाईटेक हो जाएगा।

chat bot
आपका साथी