Jharkhand Crime: पुलिस कार्रवाई के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, गांव में तनाव, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पूरा इलाका

Jharkhand Crime रामगढ़ जिले के बड़की पोना में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुए पुलिस व ग्रामीणों के बीच झड़प व पथराव मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। पुलिस नामजद आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:15 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:15 AM (IST)
Jharkhand Crime: पुलिस कार्रवाई के दौरान बुजुर्ग महिला की मौत, गांव में तनाव, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पूरा इलाका
तनाव के बाद बड़की पोना गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

रजरप्पा(रामगढ़), जासं। रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़की पोना के केतारी टोला में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुए पुलिस व ग्रामीणों के बीच झड़प व पथराव मामले में अब एक नया मोड़ आ गया है। दरअसल पुलिस पर हमला करने वाले नामजद आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार गांव में छापेमारी अभियान चला रही है। मामले में पुलिस दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस दौरान बुधवार की रात पुलिस की कार्रवाई में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। गांव में तनाव कायम हो गया है। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, रामगढ़ की विधायक ममता देवी सहित आजसू, भाजपा, झामुमो, कांग्रेस सहित कई राजतीतिक दलों के नेता गांव पहुंच गए हैं। वहीं मुख्यालय डीएसपी संजीव कुमार मिश्रा सहित गोला, बरलंगा व रजरप्पा थाना प्रभारी सहित पुलिस बल भी गांव में पहुंच गए हैं। ग्रामीणों का कहना कि रात में पुलिस पदाधिकारियों के साथ पुलिस के कई जवान कतारी टोला पहुंचे थे। गिरफ्तारी के लिए घरों के दरवाजे तोड़ रहे थे। इस बीच बुजुर्ग महिला के घर भी पुलिस पहुची थी।

पुलिस ने उनके घर का दरवाजा खोलने को कहा। बुजुर्ग महिला ने दरवाजा खोला। बुजुर्ग महिला की नतनी प्रभा कुमारी का कहना है कि मैं अपने दादा-दादी के साथ सोई हुई थी। इस बीच पुलिस आई और दरवाजा खोलने को कहने लगी। दरवाजा खोलने के बाद पुलिस हम लोगों को पीटने लगी। इस बीच मेरी दादी जमीन पर गिर गई। उसके बाद रोते हुए वह पड़ोसियों को बुलाने गई। आने के बाद दादी को उठाने लगी। पर दादी नहीं उठीं, फिर पता चला कि उनकी मौत हो गई है। तब तक वहां से पुलिस भी चली गई थी।

वहीं अन्य ग्रामीणों ने कहा कि आसपास के दर्जनों घरों में भी पुलिस द्वारा तोड़-फोड़ की गई है। खबर लिखे जाने तक बुजुर्ग महिला का शव घर पर ही पड़ा हुआ है। साथ ही ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस के इस रवैये से सभी ग्रामीण परेशान हैं।

chat bot
आपका साथी