रांची में धूमधाम से मनाई जा रही ईद मिलादुन्नबी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

रांची में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड वासियों को ईद-ए- मिलाद-उन नबी की मुबारकबाद दी है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि प्रेम समर्पण और सद्भावना का यह मुबारक अवसर आप सभी को स्वस्थ और खुशहाल रखे।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 03:24 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 03:24 PM (IST)
रांची में धूमधाम से मनाई जा रही ईद मिलादुन्नबी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई
रांची में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है।

रांची,जासं । राजधानी रांची में ईद मिलादुन्नबी का त्योहार मंगलवार को धूमधाम से मनाया जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड वासियों को ईद-ए- मिलाद-उन नबी की मुबारकबाद दी है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि प्रेम, समर्पण और सद्भावना का यह मुबारक अवसर आप सभी को स्वस्थ और खुशहाल रखे, यही दुआ करता हूं। इस मौके पर घर घर जश्न का आलम है। मोहल्लों में बच्चे नाते पाक का तराना गा रहे हैं।

कोरोना के चलते इस साल भी जुलूस नहीं निकालने का फैसला हुआ है। लेकिन, मोहल्लों में छोटे पैमाने पर महफिले मिलाद का आयोजन हो रहा है। डोरंडा के उर्स मैदान में ईद मिलादुन्नबी के परचम को फहराया जाएगा। इस मौके पर वहां शहर के मुस्लिम बुद्धिजीवी और उलमा एकत्र होंगे। इदारा ए शरीया के मौलाना कुतुबुद्दीन रिजवी बताते हैं कि आज ही के दिन 12 रबी उल अव्वल को हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लल्लाहो अलैहे व आलेही वसल्लम का मक्के में जन्म हुआ था।

जिस दिन उनका जन्म हुआ था, पूरी दुनिया में कलियां झूम उठी थीं। हर तरफ फिजा में खुशी का माहौल था। फरिश्ते झूम रहे थे। इसलिए सभी को कायनात के सरदार, नबियों के सरदार और इमाम उल अंबिया का जश्न ए विलादत मनाना है। कांटा टोली, बरियातू, डोरंडा, हिंदपीढ़ी आदि मुस्लिम इलाकों में ईद मिलादुन्नबी के झंडों की बहार है। झंडियों से इलाके को सजाया गया है। हर तरफ खुशियां मनाई जा रही हैं। कोरोना की वजह से इस बार लोग घरों में ही ईद मिलाद उन नबी का जश्न मना रहे हैं। घरों में अच्छे पकवान बनाए गए हैं। लोगों ने नए कपड़े पहने हैं। दावतों का भी सिलसिला चल रहा है।

उधर सिकिदिरी में मोहम्मद (स.अ.) के जन्म दिन पर मंगलवार को सिकिदिरी सहित कुटे, उपर कुटे, खुदिया, लोटवा, भुसूर, डटमा, सांडी, कुच्चू, बारीडीह, हतवाल आदि गांवों में ईद मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर लोग अपने-अपने गांव की मस्जिदों और मोहल्लों को आकर्षक तरीके से सजाया था। कोरोना के मद्देनजर इस वर्ष भी जुलुस-ए-मोहम्मदी सरकारी गाईड लाइन के अनुसार सादगी पूर्ण तरीके से निकाला गया।

मरकजी अंजुमन कमेटी के नेतृत्व में कुटे स्थित मरकजी जामा मस्जिद व उपर कुटे मस्जिद से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस का भ्रमण गांव के विभिन्न मोहल्लों तक ही सीमित रहा। इसके बाद सलात-व-सलाम और फातेहा के बाद जुलूस का समापन हुआ। मौके पर तौकीर अहमद, मुंतजिर अहमद रजा, अफजल अंसारी, अमीर हमजा अंसारी, नाजिर खान, मुस्लिम फैजी, सज्जाद अंसारी, खालिक खान, खुर्शीद अंसारी, साबिर खान, ख्वाजा इलताफ आदि ने लोगों को मुबारकबाद दी।

chat bot
आपका साथी