Durga Soren Sena: झारखंड CM हेमंत सोरेन के बड़े भाई के नाम पर बनी 'दुर्गा सोरेन सेना', मुखर हुईं सीता सोरेन की बेटियां

Durga Soren Sena झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन की बड़ी बहू और झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी जामा विधायक सीता सोरेन की बेटी राजश्री सोरेन और जयश्री सोरेन ने अपने दिवंगत पिता दुर्गा सोरेन के नाम पर सेना का गठन किया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 17 Oct 2021 12:06 AM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 12:08 AM (IST)
Durga Soren Sena: झारखंड CM हेमंत सोरेन के बड़े भाई के नाम पर बनी 'दुर्गा सोरेन सेना', मुखर हुईं सीता सोरेन की बेटियां
Durga Soren Sena: झारखंड CM हेमंत सोरेन के बड़े भाई के नाम पर दुर्गा सोरेन सेना का गठन किया गया।

रांची, राज्य ब्यूरो। Durga Soren Sena झारखंड में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा की विधायक सीता सोरेन की बेटियों ने अपने दिवंगत पिता के नाम पर दुर्गा सोरेन सेना गठित की है। बिजनेस मैनेजमैंट और विधि की पढ़ाई कर चुकी राजश्री सोरेन और जयश्री सोरेन ने विजयादशमी के मौके पर इसकी घोषणा अपने मां के धुर्वा स्थित सरकारी आवास पर की। हालांकि इस आयोजन में सीता सोरेन शामिल नहीं हुईं। पहले कहा जा रहा था कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष शिबू सोरेन आएंगे, लेकिन वह नहीं आए।

बकौल राजश्री दादाजी ने आशीर्वाद दिया है। वे इस फैसले से बहुत खुश हैं और बीमार होने की वजह से समारोह में नहीं आ सके। सीता सोरेन की बड़ी पुत्री राजश्री सोरेन ने स्थापना समारोह के मौके पर लिखित भाषण पढ़ा। दावा किया कि यह उनका गैर राजनीतिक मंच होगा। हालांकि दोनों इस बात का जवाब नहीं दे पाईं कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की छात्र अथवा युवा शाखा के रहते हुए अलग से संगठन बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

उन्होंने कहा कि विजयादशमी के दिन पिता के नाम पर सेना की स्थापना का उद्देश्य राज्य में भ्रष्टाचार, विस्थापन, जमीन की लूट समेत अन्य मसलों पर संघर्ष करना है। यह पूछे जाने पर कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार कैसा काम कर रही है, उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तारीफ की। कहा-अंकल झारखंड को आगे बढ़ा रहे हैं। वह सरकार को 100 प्रतिशत से भी ज्यादा अंक देंगी। अभी काफी कम समय उन्हें बतौर मुख्यमंत्री काम करने का मौका मिला है और वे बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि अलग से संगठन बनाने की वजह से राजनीतिक हलकों में यह संदेश जा रहा है कि उनकी नाराजगी है, इसपर दोनों ने कहा कि उनका सपना दुर्गा सोरेन के सपने से जुड़ा है। वे अलग झारखंड आंदोलन के सिपाही थे। संगठन का विस्तार राज्य के हर जिले में होगा और इसकी इकाइयां खड़ी की जाएगी। उनके पिता दुर्गा सोरेन से जुड़े रहे छोटेलाल महतो, राकेश पासवान, लाल बिहारी महतो, जितेंद्र सिंह पावर, राकेश मिश्रा जैसे लोगों का साथ मिल रहा है। सबके सहयोग से संगठन के कामकाज को आगे बढ़ाना उनका लक्ष्य है।

chat bot
आपका साथी