Jharkhand Weather : पश्‍च‍िम से हवाओं के चलने से तापमान में आएगी ग‍िरावट, झारखंड में पड़ेगी ठंड

मंगलवार को राजधानी रांची और हजारीबाग समेत कई ज‍िलों में सुबह से ही कोहरा छाया रहा। कई जगह लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। मौसम व‍िभाग की मानें तो आने वाले चंद द‍िनों में समूचे झारखंड में ठंड बढ़ सकती है। डाक्‍टरों ने ठंड से बचने की सलाह दी है।

By M EkhlaqueEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 08:33 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 08:33 AM (IST)
Jharkhand Weather : पश्‍च‍िम से हवाओं के चलने से तापमान में आएगी ग‍िरावट, झारखंड में पड़ेगी ठंड
राजधानी रांची में मंगलवार सुबह से ही छाया कोहरा। जागरण

रांची, (जागरण संवाददाता) : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में सप्ताहभर बाद से कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान में बताया है कि चक्रवात 'जवाद' का असर खत्म हो गया है। बादल छंटने के बाद राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आएगी।

मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अभी पूर्वी हवाएं चल रही हैं। बादल छाने से न्यूनतम तापमान में पिछले तीन-चार दिनों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि एक-दो दिनों में हवाओं का रुख बदलेगा। पश्चिमी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आएगी।

उन्‍होंने बताया क‍ि अभी पहाड़ी इलाकों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में लगातार बर्फबारी और बारिश हो रही है। ऐसे में पश्चिम से चलने वाली हवाएं जब आएंगी तो कड़ाके की ठंड पड़ने लगेगी। अगले 24 घंटे में रांची के

तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक कमी आ सकती है।

मौसम व‍िभाग के अनुमान के मुताब‍िक मंगलवार सुबह कोहरा व धुंध छाया रहा। रांची और हजारीबाग ज‍िले में तो कई स्‍थानों पर घना कोहरा भी देखा गया। कई जगह लोग अलाव जलाकर तापते नजर आए। हालांक‍ि सुबह नौ बजे के बाद से आसमान साफ रहने की बात कही गई है।

उधर, रांची और हजारीबाग के कई डाक्‍टरों ने भी लोगों को ठंड से बचने की सलाह दी है। खासकर सुबह टहलने वाले लोगों से सावधानी बरतने को कहा है। डाक्‍टरों की मानें तो सुबह गर्म कपड़े पहन कर ही घरों से बाहर न‍िकलने की जरूरत है, वह भी काफी जरूरी हो तभी। बाहर न‍िकलने से परहेज करने में ही भलाई है।

chat bot
आपका साथी