अब घर बैठे नगर निगम से बनाएं आनलाइन जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र, कर सकेंगे डाउनलोड
रांची नगर निगम से अब आप घर बैठे आनलाइन जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं।
जासं, रांची : रांची नगर निगम से अब आप घर बैठे आनलाइन जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। रांची नगर निगम इसकी व्यवस्था करने जा रहा है। एक अगस्त से आनलाइन सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इस व्यवस्था से नगर निगम के चक्कर काटने से छुटकारा मिलेगा। आनलाइन आवेदन के बाद जब प्रमाण पत्र बन कर तैयार हो जाएगा तो सूचना लोगों को दे दी जाएगी। लोग घर बैठे वेबसाइट से प्रमाण पत्र डाउनलोड भी कर सकते हैं।
अभी तक नगर निगम में प्रमाण पत्र बनवाने की व्यवस्था आफ लाइन है। इसके लिए लोगों को काफी दौड़-भाग करनी पड़़ती थी। अक्सर लोग नगर निगम के चक्कर काटते रहते थे। मगर, उन्हें ये जानकारी नहीं मिल पाती थी कि उनका जन्म या मृत्यु प्रमाण पत्र बन गया है या नहीं। वो जब नगर निगम जाते थे तो पता चलता था कि दो दिन बाद आएं। दो दिन बाद जाते थे तो पता चलता था कि अभी प्रमाण पत्र नहीं बना है। मगर, अब आनलाइन व्यवस्था होने से लोगों को इस झंझट से छुटकारा मिल जाएगा।
------
जन्म व मृत्यु के 30 दिनों के अंदर करना होगा आवेदन
आनलाइन सुविधा आरंभ होने से लोगों को आसानी हो जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारी डा. किरण ने बताया कि जन्म व मृत्यु के 30 दिनों के अंदर आवेदन करने वालों को ही आनलाइन सुविधा का लाभ मिलेगा। 30 दिन से अधिक समय होने पर उन्हें निगम के दफ्तर आकर आफलाइन आवेदन करना होगा। डा. किरण ने बताया कि रांची नगर निगम की वेबसाइट पर जाकर आनलाइन आवेदन किया जा सकेगा। प्रमाण पत्र की स्थिति की जानकारी भी वेबसाइट से मिलेगी। अगर आवेदन में कोई कमी है तो इसकी भी जानकारी वेबसाइट दे देगी। लोग उस दस्तावेज को वेबसाइट पर अपलोड कर सकते हैं।