आज से राजधानी में उठेगा डोर-टू-डोर कचरा

राजधानी में डोर-टू-डोर कचरे का उठाव गुरुवार से शुरू हो रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 09:00 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 09:00 AM (IST)
आज से राजधानी में उठेगा डोर-टू-डोर कचरा
आज से राजधानी में उठेगा डोर-टू-डोर कचरा

जागरण संवाददाता, रांची : राजधानी में डोर-टू-डोर कचरे का उठाव गुरुवार से शुरू हो रहा है। सीडीसी कंपनी के अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को 48 घंटे के अंदर दो महीने का बकाया मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया है। इसके बाद सफाईकर्मियों ने अपनी हड़ताल वापस लेने का फैसला लिया। कहा है कि अगर दो दिन के अंदर उन्हें मानदेय नहीं मिला तो वह फिर हड़ताल पर चले जाएंगे। इस तरह अब गुरुवार से सफाई कर्मी काम पर लौट आएंगे।

नगर निगम के दो मिनी कचरा ट्रांसफर स्टेशन पर सीडीसी कंपनी के करीब 150 से अधिक सफाई कर्मचारी मानदेय देने की अपनी मांग को लेकर हड़ताल पर थे। इस दौरान करीब दो दर्जन वार्डों में घरों से कूड़ा नहीं उठा। लोग नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर कचरा उठाने के लिए शिकायत दर्ज कराते रहे। लेकिन कोई हल नहीं निकल रहा था। कचरा उठाव ठप होने से राजधानी में कचरा जमा हो रहा था। इस पर नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने सीडीसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से जल्द मसला हल करने और कचरा उठाव शुरू कराने का निर्देश दिया था।

----

इन इलाकों में नहीं उठा कचरा

तीन दिन से जारी हड़ताल के कारण मुख्यरूप से कांटाटोली, डंगरा टोली, मौलाना आजाद कालोनी, आजाद नगर, खादगढ़ा, बहुबाजार, मेन रोड, मोरहाबादी, केतारी वगान, नामकुम, चुटिया, चर्च रोड आदि में कचरे का उठाव नहीं हुआ।

---

चिप नहीं लगाने के कारण निगम ने रोक दिया है भुगतान : घर घर से कचरा उठाव की आनलाइन निगरानी के लिए सीडीसी कंपनी को शहर में दो लाख घरों में आरएफआइडी चिप लगानी है। इसके लिए कंपनी को छह महीने का समय दिया गया था। लेकिन, नवंबर तक कंपनी महज 60 हजार के करीब चिप ही लगा पाई है। निगम का कहना है कि कंपनी को भुगतान इसलिए नहीं किया जा रहा है, क्योंकि शर्त के अनुसार आरएफआइडी चिप लगने के बाद ही एजेंसी को भुगतान किया जाना है।

chat bot
आपका साथी