Cyclone Jawad: चक्रवात का झारखंड में दिखेगा असर....कल से छाएंंगे बादल....रांची सहित कई इलाकों में बारिश की संभावना

Jharkhand Weather रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार से बारिश होने की संभावना है। 3 दिसंबर से लेकर 6 दिसंबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दक्षिण अंडमान के मध्य भाग में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका असर झारखंड में भी दिखेगा।

By Kanchan SinghEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 09:01 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 09:01 AM (IST)
Cyclone Jawad: चक्रवात का झारखंड में दिखेगा असर....कल से छाएंंगे बादल....रांची सहित कई इलाकों में बारिश की संभावना
रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार से मौसम में बदलाव दिखेगा।

रांची, जासं। रांची सहित झारखंड के कई इलाकों में शुक्रवार से बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार 3 दिसंबर से लेकर 6 दिसंबर तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि दक्षिण अंडमान के मध्य भाग में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसका विस्तार पश्चिम और उत्तर पश्चिम की ओर हो रहा है। इससे डिप्रेशन बना है। इसके आगे और मजबूत होकर चक्रवात Cyclone Jawad में तब्दील होने की संभावना है। इसके और आगे बढ़ते हुए उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों और दक्षिणी ओडिशा के तटों पर टकराने की संभावना है। इसका असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा।

राज्य के दक्षिणी और इससे सटे मध्य भाग में हल्के दर्जे की बारिश देखने को मिल सकती है। 4 और 5 दिसंबर को अधिक बारिश हो सकती है। इसका असर रांची, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, रामगढ़, बोकारो, धनबाद आदि जिलों में दिखेगा। अभिषेक आनंद ने बताया कि 7 दिसंबर से झारखंड में मौसम साफ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि चक्रवात को लेकर किसी भी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।

बादल छाने पर होगी तापमान में बढ़ोतरी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 1 से 2 दिन में रात के तापमान में किसी तरह की बढ़ोतरी की कोई संभावना नहीं है। जैसे-जैसे बादल छाएंगे, वैसे वैसे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जाएगी। तापमान में तीन से चार डिग्री बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

किसानों को दी गई है सलाह

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय कांके की ओर से किसानों को सलाह दी गई है कि बारिश को देखते हुए जल्द से जल्द कटे हुए धान की फसल को सुरक्षित जगह पर रख लें। वहीं जो किसान फसलों की बुवाई कर चुके हैं वह भी खेतों में जल निकास के लिए नाली बना दें।

पिछले 24 घंटे में इन शहरों का ये रहा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

शहर            अधिकतम         न्यूनतम

रांची                 23.6                11

रामगढ़             25.4                 10

जमशेदपुर         27.8                13.5

मेदिनीनगर        27.8                13.6

बोकारो थर्मल     25.1                10.2

अगले तीन दिनों में रांची में तापमान का पूर्वानुमान (डि.से.)

तिथि                अधिकतम          न्यूनतम

4 दिसंबर              24                 14

5 दिसंबर              20                 14

6 दिसंबर              22                 14

chat bot
आपका साथी