पिता के दांतों का इलाज कराने का झांसा दे साइबर ठग ने खाते से उड़ा लिए 45 हजार

रांची के कांके रोड स्थित एक दंत चिकित्सक को झांसा देकर साइबर अपराधियों ने पैसे निकाल लिए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 08:00 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 08:00 AM (IST)
पिता के दांतों का इलाज कराने का झांसा दे साइबर ठग ने खाते से उड़ा लिए 45 हजार
पिता के दांतों का इलाज कराने का झांसा दे साइबर ठग ने खाते से उड़ा लिए 45 हजार

जासं, रांची : रांची के कांके रोड स्थित एक दंत चिकित्सक को झांसा देकर साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 45 हजार रुपये उड़ा लिए। कुल तीन किस्तों में अपराधियों ने पैसे निकाले। पहली और दूसरी बार में 10-10 हजार, वहीं तीसरी बार में 25 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। पीड़ित ने गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

दंत चिकित्सक ने एफआइआर में बताया है कि वो अपनी क्लीनिक में मरीज का इलाज कर रहे थे, तभी उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को फौजी बताया और कहा कि वह जम्मू में पोस्टेड है। पिता रांची पुलिस लाइन में रहते हैं। बुजुर्ग हैं दांत लगवाना है। पूछा कि कितना खर्च आएगा। चिकित्सक ने कहा कि जब तक मरीज नहीं देखेंगे तब तक नहीं बताया जा सकता। इस पर साइबर अपराधी ने फोटो भेजी। चिकित्सक ने कहा कि 30 से 40 हजार का खर्च आएगा। साइबर अपराधी ने कहा कि वह अभी एडवांस पेमेंट कर देगा। उसने कहा कि गूगल पे पर भुगतान करेगा। उसके दिए लिक पर जैसे ही क्लिक किया, चिकित्सक के खाते से पहली बार दस हजार रुपये खाते से कट गए। जबकि चिकित्सक को इसका पता नहीं चला। साइबर अपराधी ने कहा कि उसकी तरफ से ट्रांजैक्शन फेल्ड बता रहा है। इस पर चिकित्सक ने दोबारा क्लिक किया तो फिर से दस हजार कट गए। तीसरी बार में फिर से ट्रांजैक्शन फेल्ड होने का झांसा दे साइबर अपराधी ने दूसरे एकाउंट पर पेमेंट करने की बात कही। जैसे ही इस पर चिकित्सक ने क्लिक किया, इस बार 25 हजार रुपये खाते से उड़ गए। जब तक पीड़ित चिकित्सक साइबर अपराधियों की चाल समझ पाते, तब तक उनके दो खातों से 45 हजार उड़ चुके थे। बाद में भी साइबर अपराधी ने झांसे में लेने की कोशिश की। चिकित्सक ने गोंदा थाने में प्राथिमकी दर्ज कराई है।

chat bot
आपका साथी