रांची के धुर्वा में 5.28 एकड़ में बनेगा CRPF झारखंड सेक्टर का मुख्यालय, सिमलिया में झारखंड पुलिस के एटीएस का नया भवन

Jharkhand Police ATS CRPF Jharkhand Sector Hindi News रांची के रातू के सिमलिया में झारखंड पुलिस के एटीएस का नया भवन बन रहा है। वर्तमान में धुर्वा के मॉडर्न बेकरी में झारखंड एटीएस का दफ्तर चल रहा है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 01:00 AM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 01:57 PM (IST)
रांची के धुर्वा में 5.28 एकड़ में बनेगा CRPF झारखंड सेक्टर का मुख्यालय, सिमलिया में झारखंड पुलिस के एटीएस का नया भवन
Jharkhand Police ATS, CRPF Jharkhand Sector रातू के सिमलिया में झारखंड पुलिस के एटीएस का नया भवन बन रहा है।

रांची, [दिलीप कुमार]। रांची के धुर्वा के माडर्न बेकरी में, जहां झारखंड पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) का मुख्यालय चल रहा है, वहां भविष्य में 5.28 एकड़ भू-खंड पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) झारखंड सेक्टर का मुख्यालय होगा। सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के लिए मुख्यालय निर्माण को लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय को उक्त भूमि का सशुल्क स्थायी भूमि हस्तांतरण होगा। इसकी प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर के मुख्यालय का निर्माण तब होगा, जब वहां से एटीएस का दफ्तर हटेगा।

झारखंड पुलिस के एटीएस मुख्यालय के लिए रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया में नए भवन का निर्माण हो रहा है। झारखंड एटीएस के एसपी के अनुरोध पर पुलिस मुख्यालय ने गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग से यह आग्रह किया है कि जब तक रातू के सिमलिया में एटीएस का नया भवन पूरा नहीं हो जाता, तब तक एटीएस के उक्त दफ्तर को धुर्वा स्थित उसी पुराने माडर्न बेकरी में रहने की अनुमति दी जाए।

पुलिस मुख्यालय ने यह भी लिखा है कि राजधानी के कई संवेदनशील एवं अति महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान, संस्थान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान व शॉपिंग मॉल धुर्वा स्थित एटीएस मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर के दायरे में अवस्थित हैं। विशेष परिस्थिति जैसे आतंकवाद संबंधित गतिविधियां, धार्मिक उन्माद व इससे संबंधित क्रिया-कलाप पर सूक्ष्म निगरानी रखने के लिए ही झारखंड पुलिस ने आतंकवाद निरोधी दस्ते का गठन किया था। यह दस्ता बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, केरल व पश्चिम बंगाल की तर्ज पर अति संवेदनशील व महत्वपूर्ण राजकीय या व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास स्थापित किया जाना है।

इसलिए इस दफ्तर को फिलहाल वहां से हटाया नहीं जाए। गौरतलब है कि रांची जिले में नामकुम अंचल के जगन्नाथपुर मौजा स्थित 5.28 एकड़ भू-खंड का चयन सीआरपीएफ के झारखंड सेक्टर के लिए किया गया है। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

वर्तमान में धुर्वा के तिरिल में है सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर का मुख्यालय

वर्तमान में सीआरपीएफ झारखंड सेक्टर का मुख्यालय धुर्वा थाना क्षेत्र के तिरिल में है। इसी परिसर में सीआरपीएफ के जवानों के लिए आवास व केंद्रीय विद्यालय भी है। राज्य में नक्सल विरोधी अभियान सहित विधि व्यवस्था ड्यूटी में सीआरपीएफ के जवानों-पदाधिकारियों की तैनाती होती है। यहां झारखंड सेक्टर के प्रमुख के रूप में आइजी स्तर के पदाधिकारी का कार्यालय है। सीआरपीएफ की आवश्यकता को देखते हुए ही इसे और मजबूत करने के उद्देश्य से एक नया भवन तैयार किया जाना है। यहां से प्रशासनिक मॉनीटरिंग होगी।

chat bot
आपका साथी