लोहरदगा में क्वारंटाइन सेंटर से अपराधी फरार, चोरी के मामले में एक माह पूर्व किया गया था गिरफ्तार

Jharkhand Lohardaga Crime News चोरी के आरोपित के फरार होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है। विगत 12 मई 2021 को सदर थाना पुलिस ने चोरी के मामले में धर्मेंद्र मुंडा को गिरफ्तार किया था।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 06:51 PM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 06:55 PM (IST)
लोहरदगा में क्वारंटाइन सेंटर से अपराधी फरार, चोरी के मामले में एक माह पूर्व किया गया था गिरफ्तार
Jharkhand Lohardaga Crime News चोरी के आरोपित के फरार होने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।

लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के चिरी क्वारंटाइन सेंटर से चोरी के एक मामले में गिरफ्तार आरोपित धर्मेंद्र मुंडा फरार हो गया है। चोरी के इस आरोपित को सदर थाना पुलिस ने विगत 12 मई को गिरफ्तार किया था। उस पर शहरी क्षेत्र के बरवाटोली अमित कुमार के घर के बाहर खड़े वाहन से विगत 10 मई 2021 को अपने एक साथी के साथ मिलकर राशन के सामान की चोरी करने का आरोप था। इस मामले में पुलिस ने शहरी क्षेत्र के बरवाटोली निवासी धर्मेंद्र मुंडा को गिरफ्तार कर कोविड-19 जांच कराया। इसमें वह संक्रमित पाया गया था।

इसके बाद पुलिस ने धर्मेंद्र मुंडा को कुडू थाना क्षेत्र के चिरी स्थित क्वॉरंटाइन सेंटर में भर्ती करा दिया था। यहां सेंटर के ग्राउंड फ्लोर में धर्मेंद्र को रखा गया था। कहा जा रहा है कि धर्मेंद्र के कमरे की खिड़की का एक रॉड टूटा हुआ था। इससे धर्मेंद्र 13-14 जून की रात मौका पाकर फरार हो गया। स्वास्थ्य विभाग ने धर्मेंद्र की जांच रिपोर्ट निगेटिव आने की जानकारी सदर थाना पुलिस को दे दी थी। सदर थाना पुलिस 14 जून को जब धर्मेंद्र को सेंटर से लाकर जेल भेजने के लिए क्वॉरंटाइन सेंटर पहुंची तो वहां से धर्मेंद्र मुंडा के फरार होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए।

सदर थाना पुलिस के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की है। धर्मेंद्र मुंडा के फरार होने के बाद लेकर हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। कहा जा रहा है कि धर्मेंद्र मुंडा के खिलाफ कुडू थाने में एक और प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस के पदाधिकारी चुप्पी बरते हुए हैं। पुलिस के पदाधिकारियों द्वारा धर्मेंद्र मुंडा की गिरफ्तारी को लेकर संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी