कोरोना महामारी लील रहीं जिंदगियां, एक के बाद एक कई हस्तियों का हो रहा निधन
Ranchi News Jharkhand Samachar COVID Update कोरोना महामारी के कारण मौत का सिलसिला नहीं थम रहा है। मशहूर तबलावादक शिबु चक्रवर्ती का निधन हो गया। वे 82 साल के थे। जैक के दो पदाधिकारी व एक कर्मी की मृत्यु हो गई।
रांची, जासं। Ranchi News, Jharkhand Samachar, COVID Update कोरोना की महामारी लगातार डरावनी हो रही है। मौत का सिलसिला जारी है। रांची जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए आंकड़े के अनुसार पिछले 24 घंटे में 38 लोगों की मौत हुई है। लगातार एक-एक कर अलग-अलग क्षेत्रों की हस्तियों के निधन की सूचनाएं आ रही हैं। हर क्षेत्र में लगातार शोक मनाने का सिलसिला चल रहा है।
जैक के उप सचिव यूएन मिंज का निधन
झारखंड एकेडमिक काउंसिल के उप सचिव यूएन मिंज का शुक्रवार को कोराेना से निधन हो गया। वे कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। इससे पहले चार मई को काउंसिल के पूर्व उपाध्यक्ष डाॅ. अब्दुल सुभान एवं एक कर्मी उत्तम कुमार पोद्दार की मृत्यु 22 अप्रैल को हो गई थी। दो पदाधिकारी व एक कर्मी की मृत्यु से जैक में शोक की लहर है। जैक अध्यक्ष डाॅ. अरविंद प्रसाद सिंह एवं सचिव महीप कुमार सिंह ने पदाधिकारी व कर्मी की मौत पर शोक जताया। कहा, यूएन मिंज परिषद की धुरी थे। वे अपने कार्य के प्रति काफी संवेदनशील रहते थे।
मशहूर तबला वादक शिबू चक्रवर्ती का निधन
मशहूर तबलावादक शिबु चक्रवर्ती का निधन हो गया। वे 82 साल के थे। एचइसी के सेक्टर टू स्थित क्वॉर्टर में मंगलवार रात को उनका निधन हो गया। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, तीन पोतियां समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से संगीत दुनिया में शोक की लहर है। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें कोविड हुआ था, लेकिन उनकी मृत्यु हार्ट अटैक की वजह से हुई। शिबु चक्रवर्ती मूलतः कोलकाता के श्याम बाजार से 1966 में रांची आए थे।
यहां उन्होंने एचईसी में ज्वाइन किया। तबला पर उनकी प्रतिभा को देखते हुए उन्हें बहुत जगहों से बुलावा आता था। वे रांची शहर के अलावा देश के कई शहर में अक्सर कार्यक्रम की प्रस्तुति देते थे। कई मशहूर कलाकारों के साथ उन्होंने संगत किया। बुलु-पापा के ऑर्केस्ट्रा में भी उन्होंने साथ दिया था। तबला और संगीत शिक्षा के लिए उन्होंने सुरबितान नामक संस्था स्थापित की, जो अभी भी संचालित हो रहा है।
बीएयू के विज्ञानी व सहायिका के पति का कोरोना से निधन
बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के अनुवांशिकी व पौधा प्रजनन विभाग की विज्ञानी डाॅ. सुप्रिया सुपल सुरिन के पति शिशिर कमल टोपनो का गुरुवार देर रात अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें पांच दिन पहले हॉस्पिटल में एडमिट किया गया था। 52 वर्षीय स्व. टोपनो मणिपुर के फर्टिलाइजर काॅरपोरेशन ऑफ इंडिया में असिस्टेंट जनरल मैनेजर के पद पर पदस्थापित थे। बीएयू के ही निदेशालय प्रशासन में कार्यरत निजी सहायिका चिंतामणी मिंज के पति भरत उरांव का भी कोरोना से निधन हो गया। वे रेलवे सेवा से वर्ष 2019 में सेवानिवृत्त हुए थे। विभाग के अध्यक्ष डाॅ. अब्दुल वदूद, डाॅ. सोहन राम, डाॅ. मणिगोपा चक्रवर्ती, डाॅ. नूतन वर्मा ने शोक जताया है।