रांची में कोरोना संक्रमित कैदी आगे-आगे भागता रहा, पुलिस पीछे-पीछे दौड़ती रही...

Ranchi News Jharkhand News रिम्स के कोविड वार्ड में इलाज के लिए भर्ती कोरोना संक्रमित एक कैदी मंगलवार रात खिड़की कूदकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने बाद में उस कैदी को कांटाटोली खादगढ़ा बस स्टैंड से दबोच लिया है। कैदी का नाम शाहीद अंसारी है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 05:40 AM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 07:09 AM (IST)
रांची में कोरोना संक्रमित कैदी आगे-आगे भागता रहा, पुलिस पीछे-पीछे दौड़ती रही...
Ranchi News, Jharkhand News: रांची में कोरोना संक्रमित कैदी ने पुलिस को खूब छकाया।

रांची, जासं। Ranchi News, Jharkhand News झारखंड के सबसे बड़े अस्‍पताल रिम्स के कोविड वार्ड में इलाज के लिए भर्ती एक कैदी मंगलवार की रात खिड़की से कूदकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने संबंधित कैदी को कांटाटोली खादगढ़ा बस स्टैंड से दबोच लिया है। कैदी का नाम शाहीद अंसारी है, वह हत्या के एक मामले में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद है। वह पलामू का रहने वाला है। पलामू से ही रांची जेल शिफ्ट किया गया है। जेल में ही उसकी तबियत खराब हुई। वह कोरोना संक्रमित निकला था। कोरोना की वजह से चार दिन पहले उसे रिम्स के कोविड वार्ड में भर्ती कराया गया था। रिम्स के कोविड वार्ड में उसका इलाज चल रहा था।

इस बीच मंगलवार की रात वह शौच करने के लिए बाथरूम गया। इससे पहले तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी हथकड़ी खोल दी। बाथरूम में घुसने के बाद काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकला। तब पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। आवाज दी, लेकिन बाथरूम से कोई आवाज नहीं मिली। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने जबरन दरवाजा तोड़कर भीतर गए तो देखा कि खिड़की खोलकर कैदी भाग रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे रूकने के लिए आवाज दी। लेकिन कोरोना संक्रमित होने की वजह से उसके पास कोई नहीं गया।

इसका फायदा उठाकर कैदी खिड़की से कूदकर आसानी से भाग निकला। इसके बाद बरियातू थाने की पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। हालांकि त्वरित कार्रवाई करते हुए बरियातू थाने की पुलिस ने देर रात कैदी शाहीद को कांटाटोली खादगढ़ा से गिरफ्तार कर लिया। उसे फिर से कोविड वार्ड में भी भर्ती कराया गया है। उसपर पैरा बढ़ा दिया गया है और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। मामले में बरियातू थाने में शाहीद के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। 

बस और रेलवे अड्डे पर नजर थी पुलिस की, देखते ही पकड़ा गया कैदी 

कैदी शाहीद कोरोना संक्रमित हो गया था और उसकी स्थिति बिगड़ रही थी। इस वजह से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा की ओर से रिम्स भेजा गया था। कोरोना संक्रमित होने की वजह से कोई पुलिसकर्मी उसके पास ही नहीं रह रहे थे। इससे उसने भागने का प्लान बनाया और फरार हो गया। भागने के बाद बरियातू थाने की पुलिस रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में कैदी की खोजबीन शुरू कर दी। करीब दो बजे रात को कांटाटोली खादगढ़ा में एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में घूमता हुआ देखा गया। तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया और बरियातू थाने को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि कैदी को कुछ दिन पहले कैंसर हुआ था। उसे एम्स भी भेजा गया था, एम्स से लौटने के बाद वह संक्रमित हुआ था।

बड़े पैमाने पर फैला सकता था संक्रमण, पुलिस की तत्परता से दबोच लिया गया

बरियातू थाना प्रभारी सपन महथा ने बताया कोरोना संक्रमित कैदी शाहिद मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे ही रिम्स से फरार हो गया था। लेकिन रात के 10:00 बजे थाने को सूचना मिली। इसके बाद पुलिस की ओर से टेट्रा वायरलेस और पुलिस के सभी व्हाट्सएप ग्रुप पर शाहिद की तस्वीरें भेज कर उसे पकड़ने के लिए अलर्ट किया गया।

इस बीच खादगढ़ा टीओपी प्रभारी भीम सिंह व बरियातू थाने के पुलिसकर्मियों की तत्परता की वजह से वह दबोच लिया गया। नहीं पकड़े जाने पर वह खादगढ़ा से पलामू जाने वाली बस में बैठ जाता और अनगिनत लोगों के बीच कोरोना संक्रमण फैला सकता था। रिम्स में कैदी के पहरा के लिए लगाए गए पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इस रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी संबंधित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करेंगे। 

chat bot
आपका साथी