झारखंड में उपलब्धियां गिनाने के लिए कांग्रेस ने कर रखे हैं अलग इंतजाम

सरकार से अलग पार्टी के स्तर पर जारी की जाती हैं कांग्रेस के मंत्रियों की उपलब्धियां

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Dec 2020 01:17 AM (IST) Updated:Sun, 06 Dec 2020 01:17 AM (IST)
झारखंड में उपलब्धियां गिनाने के लिए कांग्रेस ने कर रखे हैं अलग इंतजाम
झारखंड में उपलब्धियां गिनाने के लिए कांग्रेस ने कर रखे हैं अलग इंतजाम

राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड में कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों ने अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए अलग इंतजाम कर रखा है। हालत यह है कि पार्टियों के प्रवक्ता मंत्रियों के स्तर से की गई अधिकृत सरकारी कार्रवाइयों की जानकारी भी जारी करते हैं। विभाग की ओर से ऐसे सरकारी फैसलों को फिलहाल जारी नहीं किया जा रहा है। कांग्रेस कोटे से मंत्री बने चारों नेता डॉ. रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख अपने स्तर अथवा पार्टी के स्तर से विभागीय कार्यों की जानकारी देते हैं। इसके कई उदाहरण भी हैं। अभी हाल में ही धन क्रय को लेकर मुख्य खबर कांग्रेस प्रवक्ता के हवाले से सार्वजनिक हुई है। कांग्रेस मंत्रियों की आदत से इतर, झामुमो के मंत्रियों से संबंधित जानकारियां या तो आइपीआरडी के माध्यम से जारी होती हैं या फिर उनके कार्यक्रम और बयान जारी नहीं हो पा रहे हैं।

------ सरकार जारी करेगी रिपोर्ट कार्ड, कांग्रेस घर-घर पहुंचाएगी

रांची ब्यूरो : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा वित्त व खाद्य आपूर्ति मंत्री डा. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में गठबंधन सरकार एक वर्ष पूरा करने जा रही है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस के कार्यकर्ता पूरे राज्य में सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएंगे। सरकार एक वर्ष पूरे होने पर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रकाशित करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने शनिवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में जहां सरकार की ओर से उपलब्धियों और कार्यों को लेकर रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाएगा, वहीं पार्टी की ओर से इन उपलब्धियों तथा कार्यो को जन-जन तक ले जाने के लिए व्यापक योजना बनाई गई है।

chat bot
आपका साथी