बगावत की राह पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, दिल्ली दरबार में करेंगे शिकायत

कांग्रेस के कई जिलाध्यक्षों ने बगावत की राह पकड़ ली है। विधायकों के बाद अब जिलाध्यक्ष भी पार्टी हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने के लिए नई दिल्ली का रुख करेंगे। बातें तो यहां तक हुईं कि सोनिया-राहुल से मिलकर शिकायतें की जाएंगी।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Fri, 16 Jul 2021 01:50 PM (IST) Updated:Sat, 17 Jul 2021 09:37 AM (IST)
बगावत की राह पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, दिल्ली दरबार में करेंगे शिकायत
बगावत की राह पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष, दिल्ली दरबार में करेंगे शिकायत। जागरण

रांची, राज्य ब्यूरो। कांग्रेस के कई जिलाध्यक्षों ने बगावत की राह पकड़ ली है। विधायकों के बाद अब जिलाध्यक्ष भी पार्टी हाईकमान तक अपनी बात पहुंचाने के लिए नई दिल्ली का रुख करेंगे। बातें तो यहां तक हुईं कि सोनिया-राहुल से मिलकर शिकायतें की जाएंगी। लेकिन इसमें कहीं रुकावट आई तो कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और अन्य शीर्ष नेताओं तक शिकायत पहुंचाने पर कई जिलाध्यक्ष एकमत दिख रहे हैं।

मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में आधा दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों ने बैठक कर शिकायत ऊपर तक पहुंचाने का निर्णय लिया। बैठक में रांची महानगर के जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पलामू जिलाध्यक्ष जयेश रंजन पाठक, अरविंद तूफानी, मनोज सहाय पिंकू, रौशन बरवा, नरेश वर्मा, धनबाद के कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, शकर प्रमाणिक आदि मौजूद थे। इधर, प्रदेश कांग्रेस डैमेज कंट्रोल में जुटा हुआ है। माना जा रहा है कि शीघ्र ही बीस सूत्री और निगरानी समितियों को लेकर झामुमो नेताओं के साथ कांग्रेस के नेता समन्वय बनाकर आगे बढ़ेंगे। इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर की महती जिम्मेदारी पहले से दी गई है।

राज्य में बड़े पैमाने पर कांग्रेस के नेता संगठन पर दबाव बनाए हुए हैं। इन नेताओं का तर्क है कि सरकार बनने के लगभग दो वर्ष पूरे होने के बावजूद कार्यकर्ताओं को वह सम्मान नहीं मिला, जो मिलना चाहिए था। बोर्ड और निगम तो जाहिर तौर पर सीनियर नेताओं और विधायकों के हिस्से में जाना है। जिला और प्रखंड स्तर की समितियों को लेकर कांग्रेस के छोटे नेता अधिक सक्रिय हैं। पार्टी के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस महीने के अंत तक कमेटियों को लेकर गठबंधन दलों में निर्णय ले लिया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी