PV सिंधु के पदक जीतने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व राज्यपाल ने दी बधाई, पुरुष हॉकी टीम को शुभकामनाएं
PV Sindhu Jharkhand News पीवी सिंधु के पदक जीतने और पुरुष हॉकी टीम के सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बधाई दी है। राज्यपाल ने भी पुरुष हॉकी टीम और सिंधु को बधाई दी है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने भारत की पुरुष हॉकी टीम के टोक्यो ओलंपिक में सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इस उपलब्धि हेतु पूरी हॉकी टीम को बधाई और शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने पर पीवी सिंधु को भी बधाई और शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर हम सभी देशवासियों को गर्व है।
सिंधु के पदक जीतने और पुरुष हॉकी टीम के सेमीफाइनल में प्रवेश करने पर हेमंत सोरेन ने दी बधाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने टोक्यो ओलंपिक में पीवी सिंधु द्वारा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीवी सिंधु ने पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। साथ ही भारत की पुरुष हॉकी टीम द्वारा सेमीफाइनल में प्रवेश करने को गौरव का पल बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीम ने ग्रेट ब्रिटेन को तीन-एक से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। मुझे भारतीय टीम पर गर्व है।
इधर, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी पीवी सिंधू को बधाई दी है। कहा कि पीवी सिंधू ने महान कार्य किया है। मुंडा ने हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि शानदार जीत! भारतीय पुरुष हॉकी टीम ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ ओलंपिक में 3-1 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में पहुंची। 1980 मास्को ओलंपिक के बाद भारत के लिए यह पहला सेमीफाइनल है। मेरी शुभकामनाएं।
झारखंड के जदयू नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से की मुलाकात
प्रदेश जदयू के सह प्रभारी अरुण कुमार सिंह, प्रदेश संयोजक श्रवण कुमार, पूर्व मंत्री सुधा चौधरी, पूर्व विधायक खीरु महतो आदि ने रविवार को नई दिल्ली में नवचयनित राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। नेताओं ने कहा कि उनके पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से झारखंड प्रदेश जदयू के संगठन को मजबूती मिलेगी। इस क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में संगठन की मजबूती को लेकर कई निर्देश नेताओं को दिए।