शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की हाेगी CBI जांच, मुख्‍यमंत्री ने दी सहमति

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सहमति के बाद अब विभाग प्रक्रिया पूरी करेगा। इस संबंध में डीजीपी ने भी सीबीआइ से जांच कराने के लिए अपना प्रस्ताव भेजा है। इस पूरे प्रकरण में 17 जून को हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 03:51 PM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 05:48 PM (IST)
शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की हाेगी CBI जांच, मुख्‍यमंत्री ने दी सहमति
सीबीआइ टीम की प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर। फाइल फोटो

रांची, राज्य ब्यूरो। साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र में 12 जून को हुई अमर शहीद सिद्धो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को इससे संबंधित प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। अब विभाग इसकी प्रक्रिया को पूरी करेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार रामेश्वर मुर्मू की हत्या के बाद से ही विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठन सीबीआइ से पूरे मामले की जांच कराने की मांग कर रहे थे। इस संबंध में डीजीपी ने भी सीबीआइ से जांच कराने के लिए मुख्यमंत्री को अपना प्रस्ताव भेजा है। इस पूरे प्रकरण में बरहेट थाने में 17 जून को हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

एसआइटी के अलावा डीआइजी भी कर चुके हैं जांच

पुलिस मुख्यालय के आदेश पर रामेश्वर मुर्मू हत्याकांड की जांच के लिए विशेष जांच टीम (एसआइटी) का गठन किया गया था। इसके अलावा दुमका के रेंज डीआइजी से भी पूरे मामले की जांच कराई गई थी। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से भी परिजन संतुष्ट नहीं थे, क्योंकि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में रामेश्वर मुर्मू की मौत की वजह अत्याधिक शराब निकला था। लगातार विरोध के बाद ही इस हत्याकांडी की जांच सीबीआइ से कराने की अनुशंसा हुई है।

परिजन के बयान पर दर्ज है हत्या की प्राथमिकी

रामेश्वर मुर्मू की संदिग्ध परिस्थिति में मौत के मामले में साहिबगंज के बरहेट थाना क्षेत्र के भोगनाडीह निवासी सिद्धो-कान्हू के वंशज कपरो किस्कू के बयान पर बरहेट थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज है। घटना के बाद से ही परिजन ने इस मामले की सीबीआइ से जांच कराने का आग्रह कर रहे हैं।

उनका आरोप है कि रामेश्वर मुर्मू 12 जून को महुआ-दारू पीने के लिए निकले थे, इसी बीच उन्होंने एक युवती से छेड़खानी कर रहे सद्दाम नामक युवक को ऐसा करने से रोका। इसपर बहस हो गई और सद्दाम ने हत्या की धमकी दी थी। घर लौटते रामेश्वर मुर्मू को अकेला पाकर सद्दाम ने लाठी से पीटकर उनकी हत्या कर दी।

chat bot
आपका साथी