Jharkhand Accident: शादी समारोह में जा रहे थे आसनसोल, धनबाद में पुल से नीचे गिरी कार, पांच की मौत, गांव में मातम
Jharkhand Accident रामगढ़ जिले के घाटो निवासी टाटा वेस्ट बोकारो डिवीजन में कार्यरत शकील अख्तर अपने पूरे परिवार के साथ आसनसोल के लिए निकले थे। धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई।
घाटो(रामगढ), संसू। रामगढ़ जिले के मांडू प्रखंड अंतर्गत वेस्ट बोकारो ओपी के घाटो गुरुद्वारा के पास रहनेवाले टाटा वेस्ट बोकारो डिवीजन में कार्यरत 50 वर्षीय शकील अख्तर के लिए मंगलवार का दिन काला बन गया। वे अहले सुबह अपनी कार (जेएच02एएम-0996) से अपने पूरे परिवार के साथ अपने समधी के घर शादी समारोह में भाग लेने के लिए आसनसोल, बंगाल के लिए निकले थे। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। इससे कार चला रहे शकील अख्तर, उनकी पत्नी 50 वर्षीया राबीबुन खातुन, बड़े पुत्र 26 वर्षीय वसीम अख्तर, पुत्रवधु 23 वर्षीया गुड़िया खातुन व तीन साल का पोता आर्यन की दर्दनाक मौत हो गई।
वेस्ट बोकारो, घाटो क्षेत्र में शोक की लहर
टिस्कोकर्मी शकील अख्तर सहित घर के पांच सदस्यों के धनबाद में सड़क दुर्घटना की मौत की खबर सुनते ही वेस्ट बोकारो, घाटो क्षेत्र में शाेक की लहर दौड़ गई। सुबह से ही उनके घाटो गुरुद्वारे के पास स्थित क्वार्टर के बाहर लोगों का तांता लग गया। क्षेत्र के लोग इस ह्दय विदारक घटना को सुनकर स्तब्ध रह गए। उनके घर पर ताला लगा है। पूरे कॉलोनी में सन्नाटा पसरा हुआ है। कॉलानी के लोगों ने बताया कि आज सुबह चार बजे के करीब घाटो से कार से शकील अख्तर अपने समधी के घर शादी समारोह में भाग लेने आसनसोल के लिए रवाना हुए थे।
इसी क्रम में धनबाद के गोबिंदपुर स्थित कौआ बांध के पास एक पुल के नीचे अनियंत्रित होकर कार नीचे गिर गई। इसमें परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। मृदुभाषी शकील अख्तर टिस्को डिवीजन के एसीबी में शावेल आपरेटर के पद पर कार्यरत थे। अब उनके परिवार में छोटा पुत्र 20 वर्षीय कल्लू व उसकी पत्नी बची है। शकील अख्तर मूलतः बिहार के छपरा जिला अंतर्गत ताजपुर बसही के रहने वाले थे।