जुमार नदी पर स्थित श्मशान घाट को मिलेगा विस्तार

सांसद संजय सेठ ने कांके की जुमार नदी तट पर स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण किया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 07:33 AM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 07:33 AM (IST)
जुमार नदी पर स्थित श्मशान घाट को मिलेगा विस्तार
जुमार नदी पर स्थित श्मशान घाट को मिलेगा विस्तार

जागरण संवाददाता, रांची। सांसद संजय सेठ ने कांके की जुमार नदी तट पर स्थित श्मशान घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने कहा कि रांची शहर में एकमात्र श्मशान घाट मुक्तिधाम की स्थापना दशकों पूर्व हुई थी। जब शहर की आबादी महज तीन लाख के आसपास थी। शहर की बढ़ती आबादी के कारण इस मुक्तिधाम पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसके अतिरिक्त मुक्तिधाम के आसपास घनी आबादी भी बस चुकी है। स्थानीय नागरिकों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जुमार नदी पर स्थित श्मशान घाट को विस्तारित रूप देकर शहरवासियों के लिए उपयोगी बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। इसके लिए कई सामाजिक संस्थाएं व सामाजिक कार्यकर्ता भी सहयोग करने को तैयार हैं। जुमार नदी पर श्मशान घाट को विस्तारित रूप देने व वहां अन्य सुविधाओं के लिए वे सांसद निधि से भी वहां कार्य करने को तैयार हैं। श्मशान घाट को विस्तारित रूप देने को लेकर सांसद ने उपायुक्त को पत्र भी लिखा है। उन्होंने उपायुक्त से जुमार नदी पर स्थित उक्त श्मशान घाट की चौहद्दी व अन्य कागजी कार्रवाई पूर्ण करने की दिशा में पहल करने को कहा है ताकि इस कार्य को मूर्त रूप दिया जा सके।

राजधानी में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने शुरू किया लीकेज ठीक करने का अभियान

जागरण संवाददाता, रांची : एक तरफ जहां राजधानी के लोग कोरोना से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पेयजल विभाग खाली समय का सदुपयोग राजधानी में लीकेज की तलाश में कर रहा है। विभाग के इंजीनियरों ने शनिवार को पथलकुदवा इलाके में जल आपूर्ति लाइन के लीकेज की तलाश शुरू की। इससे पहले उन्होंने कांटाटोली में दो जगह लीकेज ठीक किया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी विभाग की बहुत सारी गतिविधियां ठप हैं। बैठक नहीं हो रही हैं। इसलिए उनके इंजीनियर खाली समय में पेयजल की लाइन को ठीक करने के काम में जुट गए हैं। जलापूर्ति के लीकेज ठीक होने से लोगों को साफ-सुथरा पानी मिलेगा। वहीं जगह-जगह होने वाले जलभराव से भी निजात मिलेगी।

दरअसल कोतवाली इलाके में कई महीने से गंदे पानी की सप्लाई की शिकायत है। इसी को लेकर लीकेज की तलाश की जा रही है। लीकेज मिलने के बाद इसे ठीक किया जाएगा। राजधानी के कर्बला चौक के पास कई महीने से तकरीबन 70 हजार घरों में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही थी। मामले की शिकायत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता नीरज कुमार से की गई। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई करते हुए जेई को फाल्ट तलाश कर इसे ठीक करने के निर्देश दिए। इसके बाद पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अधिकारियों ने एक अभियान चलाकर कर्बला चौक पर कई साल पुराने लीकेज को तलाश किया और उसे ठीक कर दिया। अब इलाके के सभी घरों में साफ पानी जाने लगा है।

गौरतलब है कि कर्बला चौक के पास दो घरों को जाने वाले पाइप में छेद हो गया था। इसकी वजह से जहां प्रेशर कम हो गया था। वहीं जब पानी बंद होता था तो नाले का सारा गंदा पानी पाइप में चला जाता था और जब जलापूर्ति शुरू होती थी, यही गंदा पानी लोगों के घरों में पहुंच जाता था। कई महीने से लोग इसकी शिकायत कर रहे थे। इसे ठीक करने के लिए जेई प्रभात कुमार ने काफी मेहनत की। बड़ी मुश्किल के बाद फाल्ट नजर आया और इसे ठीक किया गया। फाल्ट ठीक होने के बाद कर्बला चौक थड़पकना, घोष कंपाउंड, नया टोली, मिशन चौक, घड़ी चौक, चर्च रोड आदि इलाके के घरों में साफ पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। इसी तरह पीपी कंपाउंड में पाइप लाइन के लीकेज को ठीक किया गया। लीकेज ठीक होने के बाद अब घरों में साफ पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है।

chat bot
आपका साथी