नाले पर बना ली 5 तल्ले की बिल्डिंग, अब बुल्‍डोजर चलने की बारी...

Ranchi Nagar Nigam News रांची के अशोक विहार में हज हाउस के पीछे बड़े नाले पर अतिक्रमण कर 27 भवन बन गए हैं। निगम के अधिकारियों ने घर के मालिकों को नक्‍शा जमा करने के लिए कहा है। इधर लालपुर में एक भवन सील किया गया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 12:10 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 01:58 AM (IST)
नाले पर बना ली 5 तल्ले की बिल्डिंग, अब बुल्‍डोजर चलने की बारी...
रांची नगर निगम ने घर मालिकों को नोटिस दिया है।

रांची, जासं। रांची के अशोक विहार एक्सटेंशन में नाला पर बने 27 भवनों पर बुल्‍डोजर चलाया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों ने शुक्रवार को नाला का निरीक्षण कर इन 27 भवन के मालिकों को नोटिस जारी कर दिया है। इनसे नगर निगम में हफ्ते भर के अंदर नक्शा जमा करने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, नगर निगम ने लालपुर में वर्धमान कंपाउंड के नवीन मित्रा लेन में निर्माणाधीन एक इमारत को सील कर दिया है। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी भवन मालिक ने नगर निगम में नक्शा जमा नहीं किया था। नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन और नगर निवेशक श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम अशोक विहार एक्सटेंशन पहुंची।

यहां हज हाउस के पीछे एक बड़ा नाला है। यहां शिकायत थी कि लोगों ने नाले पर अतिक्रमण कर लिया है। कई लोगों ने तो नाले पर ही घर बना लिया है और कई घर नाले से सटकर बनाए गए हैं। अधिकारियों ने जांच की तो शिकायत सही पाई गई। अधिकारियों ने निरीक्षण कर देखा तो 27 घर नाले पर बने हुए मिले हैं। इन सभी घर के मालिकों को नोटिस जारी कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस के बाद इन भवनों पर बुल्‍डोजर चलाया जाएगा, ताकि नाले को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि नाले पर भवन बन जाने से नाले का बहाव अवरुद्ध हो गया है। इसकी साफ-सफाई भी नहीं हो पा रही है।

तीन नोटिस का जवाब नहीं देने पर सीलिंग की कार्रवाई

नगर निगम के उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन और नगर निवेशक श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में इंफोर्समेंट टीम लालपुर के वर्धमान कंपाउंड में नवीन मित्रा लेन पहुंची। यहां राजेश जायसवाल के निर्माणाधीन व्यवसायिक इमारत को सील किया गया। अधिकारियों ने बताया कि राजेश जायसवाल को तीन बार नोटिस देकर नक्शा जमा करने के लिए कहा गया। लेकिन वह नक्शा जमा नहीं कर रहे थे। यही नहीं राजेश जायसवाल ने न तो नोटिस का जवाब दिया और ना ही नक्शा जमा किया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इससे साफ लग रहा है कि यह इमारत बिना नक्शा के ही बनाई जा रही है। नोटिस का जवाब नहीं देने पर नगर आयुक्त मुकेश कुमार के आदेश पर इस निर्माणाधीन इमारत को सील कर दिया गया है।

गणतंत्र दिवस के बाद होगी नाले की मापी

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि गणतंत्र दिवस के बाद अशोक विहार एक्सटेंशन में नाले की मापी कराई जाएगी। मापी के बाद यह साफ होगा कि भवन का कितना हिस्सा नाले के ऊपर है और कितना हिस्सा अतिक्रमित है। इसी के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू होगी।

सुशीला निकेतन में भवन का काम रुकवाया

नगर निगम की टीम ने लालपुर में वर्धमान कंपाउंड में सुशीला निकेतन के पास होली क्रॉस स्कूल के पास एक भवन में निर्माण कार्य रुकवा दिया है। यह दो फ्लोर का भवन पहले से बना हुआ है। इसमें तीसरी और चौथी मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। नगर निगम की तरफ से नोटिस देकर नक्शा जमा करने के लिए कहा गया। लेकिन भवन मालिक ने नक्शा जमा नहीं किया। नगर निगम के इंजीनियरों का कहना है कि इस बिल्डिंग में सेट बैक की समस्या है। बिल्डिंग देखने से ही लग रहा है कि तीसरी और चौथी मंजिल का अवैध निर्माण हो रहा है। निर्माण कार्य रुकवाने के बाद भवन मालिक को चेतावनी दी गई है कि वह 3 दिन में नक्शा जमा करें। नक्शा जमा होने के बाद नगर आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हरमू में भवन मालिक को दी गई नोटिस

नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि हरमू मैदान में एक भवन का निर्माण अवैध तरीके से करने की शिकायत मिली थी। इस पर अधिकारियों ने भवन का जायजा लिया। भवन मालिक ने नक्शा संबंधी कोई दस्तावेज दिखाए हैं। इसलिए भवन मालिक को नोटिस जारी कर उन्हें हफ्ते भर का टाइम दिया गया है कि वह नगर निगम में आकर अपने सारे पेपर और दस्तावेज जमा करें। दस्तावेज जमा होने के बाद नक्शा विचलन पाए जाने पर नगर आयुक्त के निर्देश के अनुसार कार्रवाई होगी

chat bot
आपका साथी