भाजपा ने की वर्चुअल रैली की शुरुआत, बाबूलाल ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
रांची कोरोना संक्रमण काल में थमी राजनीतिक गतिविधियों को भाजपा ने अब वर्चुअल रैली के माध्यम से गति देने की शुरुआत कर दी है। इस कड़ी में शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया।
रांची : कोरोना संक्रमण काल में थमी राजनीतिक गतिविधियों को भाजपा ने अब वर्चुअल रैली के माध्यम से गति देने की शुरुआत कर दी है। इस कड़ी में शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया। मरांडी प्रदेश कार्यालय से ही ऑनलाइन भाजयुमो कार्यकर्ताओं से जुड़े, उन्हें संबोधित किया और उनके सवालों के जवाब भी दिए। धनबाद के भाजयुमो कार्यकर्ताओं के लिए विशेष रूप से आयोजित वर्चुअल रैली में धनबाद से सांसद पीएन सिंह भी कार्यकर्ताओं से जुड़े।
रैली को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ावा। कोरोना संक्रमण काल में उनके द्वारा किए गए कार्यो की सराहना की और आगे भी उन्हें इसी लगन के साथ कार्य करने की नसीहत दी। बाबूलाल मरांडी ने इस मौके पर केंद्र सरकार द्वारा संक्रमण काल में किए जा रहे कार्यो की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री के स्तर से घोषित किए गए 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज का जिक्र किया। वहीं, राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने हेमंत सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि राज्य में आ रहे प्रवासी मजदूरों के लिए बने क्वारंटाइन सेंटरों की व्यवस्था बेहद खराब है। लोगों को न ठीक से भोजन मिल रहा है, न ही ठीक प्रकार से रहने की व्यवस्था है। वर्तमान सरकार सुविधा देने के बजाय अधिकतर लोगों को होम क्वारंटाइन में भेज रही है। धनबाद से अश्विनी पाडेय के एक सवाल के जवाब में बाबूलाल ने कहा कि क्वारंटाइन सेंटर चलाना, सैंपल जाच कराना, प्रवासी मजदूरों को उनके घरों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है। केंद्र सरकार केवल मदद कर सकती है। इसलिए इस बदहाली का जिम्मेदार राज्य सरकार है। इस मौके पर धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया।
भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार ने मोर्चा द्वारा किए गए कार्यो और आगे किए जाने वाले कार्यो की जानकारी दी। वर्चुअल रैली में भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह, राकेश चौधरी, प्रदेश महामंत्री राज श्रीवास्तव, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश मंत्री रूपेश सिन्हा, प्रदेश मीडिया प्रभारी निशिकान्त चौहान, धनबाद भाजपा के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, भाजयुमो जिला अध्यक्ष कमलेश सिंह, महामंत्री तमाल राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
-----------
चार विधानसभा क्षेत्र में आज होगी भाजपा की वर्चुअल रैली :
भाजपा की रविवार को चार विधानसभा क्षेत्रों में वर्चुअल रैली होगी। हजारीबाग एवं हटिया विधानसभा की रैली के मुख्य वक्ता भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मराडी होंगे। वे दोपहर 12 बजे और 3 बजे दिन कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। जबकि, देवघर की रैली को दिन में 02:00 बजे प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश एवं धनबाद की रैली को दिन में 04:30 बजे केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा संबोधित करेंगे।
-----------