Jharkhand Assembly Election 2019: भाजपा हर बूथ से शुरू करेगी विजय यात्रा, विधानसभा प्रभारी ने दिए निर्देश
Assembly Election 2019. भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि प्रत्येक बूथ से विजय यात्रा प्रारंभ करने का निर्देश देते हुए बूथों से संबंधित जवाबदेही भी तय की।
रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Assembly Election 2019 - विधानसभा चुनाव को लेकर घर-घर रघुवर और जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के बाद भाजपा अब बूथ स्तर पर विजय यात्रा शुरू करेगी। शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने विधानसभा कोर कमेटी के संयोजकों की बैठक में इस बाबत दिशा निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम के मेयर-डिप्टी मेयर, नगर पंचायत, नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष उपस्थित थे।
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा और विधानसभा के सह प्रभारी नंद किशोर यादव भी उपस्थित थे। ओम माथुर ने कहा कि प्रत्येक बूथ से विजय यात्रा प्रारंभ करने का निर्देश देते हुए बूथों से संबंधित जवाबदेही भी तय की। कहा, बूथ मैनेजमेंट कर अपने बूथ से विजय उद्घोष करें। प्रधानमंत्री के विकास कार्यों को लेकर लोगों के मन में एक सकारात्मक भाव है इसे लेकर अंतिम व्यक्ति तक ले जाएं। मोदी जी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदला है। झारखंड के विकास पर प्रधानमंत्री की विशेष नजर है।
पिछले पांच साल में झारखंड ने हर सेक्टर में अपनी अलग पहचान बनाई है। कार्यकर्ता यह सब बातें घर-घर तक पहुंचाएं। कहा, केंद्र व राज्य की डबल इंजन की सरकार सभी जाति और धर्म के लोगों के हित में लगातार काम कर रही है। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने आगामी चुनाव को लेकर समीक्षा की और सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने किया।
जनता को बताएं पांच साल की उपलब्धियां : नंद किशोर यादव
विधानसभा के सह प्रभारी नंद किशोर यादव ने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखें और बताएं कि पिछले पांच वर्षों में झारखंड ने किस तरह भारत में अपनी अलग पहचान बनाई है। लेकिन अभी भी कई चुनौतियां सामने हैं जिससे निपटने के लिए हमें आगे भी मौका दें।
जोहार जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा जनता का अपार समर्थन : लक्ष्मण गिलुवा
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि जोहार जन आशीर्वाद यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। कहा, जनता की सेवा के प्रति रघुवर सरकार हमेशा प्रतिबद्ध रही है इसीलिए आज जनता भी हमारे समर्थन में खुले दिल से उतरी है। जनता वंशवाद और परिवारवाद से ऊब चुकी है और उसकी पहली पसंद भाजपा बन चुकी है। विश्वास जताया कि हम निश्चित रूप से 65 का आंकड़ा पार करेंगे।