चुनाव घोषणा पत्र रायशुमारी से तैयार करेगी भाजपा, प्रमंडलों में रखे जाएंगे सुझाव पेटी Ranchi News

Jharkhand. गुरुवार को रांची में संवाददाता सम्मेलन में घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष बीडी राम ने कहा कि सोशल मीडिया के साथ-साथ पार्टी प्रमंडलीय स्तर पर कैंप कर हर वर्ग से राय लेगी।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 03:31 PM (IST) Updated:Thu, 17 Oct 2019 08:03 PM (IST)
चुनाव घोषणा पत्र रायशुमारी से तैयार करेगी भाजपा, प्रमंडलों में रखे जाएंगे सुझाव पेटी Ranchi News
चुनाव घोषणा पत्र रायशुमारी से तैयार करेगी भाजपा, प्रमंडलों में रखे जाएंगे सुझाव पेटी Ranchi News

रांची, राज्‍य ब्‍यूरो। भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र जन आकांक्षाओं का प्रतिबिंब होगा। इसमें राज्य के हर वर्ग व नागरिकों के सुझावों को शामिल करने का प्रयास किया जाएगा। गुरुवार को भाजपा चुनाव घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष विष्णु दयाल राम ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह बातें कहीं। भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है। वीडी राम ने कहा कि 2019 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा, 'नया झारखंड' अभियान की शुरुआत कर रही है।

मंडल स्तर पर चलने वाले इस अभियान का प्रारंभ पार्टी इस विश्वास के साथ कर रही है कि यह झारखंड राज्य के भविष्य की रूपरेखा तैयार करने वाला अब तक का सबसे बड़ा सहकारी प्रयास सिद्ध होगा। यह अभियान अगले 5 साल के एजेंडा को तैयार करने और लोगों की उम्मीदों एवं सुझावों को एकत्रित करने का प्रयास है तथा प्रत्येक झारखंडवासी को नए झारखंड के निर्माण में शामिल करने का एक अभियान है।

राम ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी का प्रयास रहेगा कि प्रदेश की 3.19 करोड़ जनता से सुझाव के माध्यम से सीधे तौर पर जुड़े क्योंकि यही सुझाव 2019 के विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र का आधार होंगे। उन्होंने बताया कि लोग अपने सुझावों को नया झारखंड अभियान के अंतर्गत अपने सुविधानुसार विभिन्न चैनलों के माध्यम से पार्टी को भेज सकते हैं।

संकल्प पत्र के तहत सुझाव आमंत्रित करने के लिए पार्टी मंडल स्तर पर आकांक्षा पेटी लगाएगी। वहीं, लोग 6357171717 नंबर पर मिस्ड कॉल करके भी अपने सुझाव रिकार्ड करा सकते हैं। भाजपा सोशल मीडिया के माध्यम से भी संकल्प पत्र के बाबत सुझाव एकत्र करेगी। कमल दूतों के माध्यम से पूरे प्रदेश में पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। प्रेसवार्ता में जेबी तुबिद, अयोध्या नाथ मिश्र व दीनदयाल वर्णवाल भी मौजूद थे।

प्रमंडलों में होगी बैठक

संकल्प पत्र में हर वर्ग की राय लेने के लिए भाजपा की चुनाव घोषणापत्र समिति प्रमंडलों में बैठक करेगी। समिति पलामू में 19 अक्टूबर, कोल्हान में 21, दुमका में 23 अक्टूबर, धनबाद में 24 और हजारीबाग में 25 अक्टूबर को बैठक करेगी।

भाजपा चुनाव घोषणापत्र समिति ने कई संगठनों की राय ली

भाजपा चुनाव घोषणापत्र समिति ने गुरुवार को विभिन्न संगठनों और प्रबुद्ध वर्गों के साथ बैठक कर घोषणा पत्र के बाबत उनके सुझाव लिए। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई बैठक में भाजपा घोषणापत्र समिति के चेयरमैन और पलामू सांसद विष्णु दयाल राम भी उपस्थित थे। वीडी राम ने बैठक के उद्देश्य को साझा करते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी अभियान के माध्यम से पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि यह लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप आने वाले वर्षों की कार्ययोजना तैयार करें।

बैठक में झारखंड मिथिला मंच के अमरनाथ झा, सहकार भारती के रौशन कुमार, खुदरा व्यवसायी संघ के संजय कुमार, एफजेजेआई के सीईओ संतोष नारायण, भाजपा एससी मोर्चा के अध्यक्ष नीरज पासवान, अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष सोना खान, रांची महानगर के अध्यक्ष मनोज मिश्रा, महिला मोर्चा की अध्यक्ष आरती सिंह, प्रेस क्लब रांची के अध्यक्ष राजेश सिंह, बस एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह, रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन लाल, सचिव प्रभाकर सिंह, अजीत कुमार, उमेश मिश्रा, शशांक भारद्वाज, कुणाल अग्रवाल, अभिजीत घोष, डॉ अनिरुद्ध सिंह, एके अधिकारी, एसडी सिंह, पवन शर्मा, डॉ ओम प्रकाश, डॉ देवेश कुमार, डॉ प्रभात, गणेश प्रसाद सहित अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी