Jharkhand Politics: कोडरमा भाजपा के संगठन में रार, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश आज देंगे धार

Jharkhand Politics Koderma BJP News झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्‍यक्ष के स्वागत को लेकर कोडरमा शहर तोरणद्वार व होर्डिंग्स से पट गया है। यहां दो दिन पूर्व तीन मंडल अध्यक्षों ने इस्तीफा दे दिया था। बैठक में निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा हो सकती है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 11:09 AM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 11:13 AM (IST)
Jharkhand Politics: कोडरमा भाजपा के संगठन में रार, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश आज देंगे धार
Jharkhand Politics, Koderma BJP News बैठक में निकाय व पंचायत चुनाव को लेकर चर्चा हो सकती है।

कोडरमा, जासं। भारतीय जनता पार्टी कोडरमा जिला संगठन में रार के बीच प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश एकदिवसीय दौरे पर आज कोडरमा पहुंच रहे हैं। दो दिन पूर्व ही जिला के तीन मंडल अध्यक्षों ने अपने-अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले वालों में कोडरमा नगर अध्यक्ष अजय पांडेय, डोमचांच ग्रामीण के अध्यक्ष रामदेव पासवान और नवलशाही मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र यादव शामिल हैं। इनमें से एक ने तो खुलकर जिलाध्यक्ष के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की थी।

इधर, संगठन को धार देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश कोडरमा आ रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता उत्साहित हैं। जिला अध्यक्ष नीतीश चंद्रवंशी ने बताया कि हजारीबाग से प्रदेश अध्यक्ष बरही होते हुए कोडरमा आएंगे। इस दौरान चंदवारा में भाजपा कार्यकर्ता तथा झुमरीतिलैया में नगर मंडल के द्वारा स्वागत किया जाएगा।

वहां से कला मंदिर होते हुए, ओवर ब्रिज, झंडा चौक होकर चाराडीह स्थित सांसद आवास पहुंचेंगे। यहां भाजपा जिला के कार्यकर्ताओं को सम्मेलन के माध्यम से कई टिप्स देंगे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय, जिला प्रभारी टुन्नु गोप, विधायक नीरा यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी। बाद में प्रदेश अध्यक्ष विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। साथ ही आनेवाले पंचायत चुनाव और निकाय चुनाव के बारे में जिला मंडल से लेकर पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं के संग चर्चा करेंगे।

माना जा रहा है कि भाजपा का प्रयास गांव व नगर की सरकार में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की जीत सुनिश्चित कराना है। हालांकि दोनों ही चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहे हैं। फिर भी संगठन की मजबूती के लिए गांव एवं नगर की सरकार में पकड़ जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं में एकजुटता एवं समन्वय जरूरी है।

chat bot
आपका साथी