BJP ने कांग्रेस के आंदोलन को बताया नौटंकी, राजेश ठाकुर बोले- हिल गई है भाजपा

BJP Jharkhand Jharkhand Congress झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेसी नेता राजस्थान जाकर भी देखें। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा की मंशा तानाशाही तरीके से देश की सत्ता को संचालित करने की है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 12 Oct 2021 09:45 PM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 07:30 AM (IST)
BJP ने कांग्रेस के आंदोलन को बताया नौटंकी, राजेश ठाकुर बोले- हिल गई है भाजपा
BJP Jharkhand, Jharkhand Congress झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेसी नेता राजस्थान जाकर भी देखें।

रांची, राज्य ब्यूरो। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने उत्तरप्रदेश के मुद्दे पर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन को नौटंकी बताया है। मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश और राज्य में अराजकता फैलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता राजस्थान जाकर भी देखें। वहां कांग्रेस सरकार में किसानों के ऊपर डंडे बरसाए जा रहे हैं। हनुमानगढ़ में दलित युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। प्रियंका, राहुल इस पर चुप्पी क्यों साधे हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड के मंत्री उत्तरप्रदेश के नाम पर ड्रामेबाजी करने के बजाए विभाग का काम निपटाकर जनता को राहत दें।

दीपक प्रकाश ने झारखंड की विधि व्यवस्था का मामला भी उठाया। कहा, प्रदेश की खराब विधि-व्यवस्था पर कांग्रेस मौन बैठी हुई है। स्थिति बद से बदतर है, बावजूद इसके कांग्रेस उत्तरप्रदेश के मुद्दे पर विधवा विलाप कर रही है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है। इस पाप के भागीदार कांग्रेस व झामुमो दोनों हैं। आज प्रदेश में जमीन लूटी जा रही है। पैसे का प्रलोभन देकर योजनाबद्ध तरीके से धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। मोरहाबादी में आदिवासी मूलवासी सहायक पुलिसकर्मियों की सुनने वाला कोई नहीं है। रोजगार, विस्थापन, भ्रष्टाचार, ट्रांसफर पोस्टिंग, मानव तस्करी पर कांग्रेस चुप बैठी है।

भाजपा हिल गई है कांग्रेस के आंदोलन से : राजेश ठाकुर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पार्टी के आंदोलन को भाजपा द्वारा नौटंकी करार दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के आंदोलन के कारण भाजपा भीतर तक हिल गई है। दरअसल भाजपा की मंशा तानाशाही तरीके से देश की सत्ता को संचालित करने की है। यूपी की घटना ने इसे प्रमाणित कर दिया है। पूरा तंत्र स्वाभाविक तरीके से विरोध करने में लोगों पर अत्याचार करने में जुटा रहा।

हत्या के दोषियों को भाजपा की सरकार संरक्षण दे रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आह्वान पर पूरे देश से जब लोग आने लगे, तो भाजपाई बौखला गए। इनकी भाषा से स्पष्ट है कि ये गांधीवादी और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन के कभी पक्षधर नहीं रहे। भाजपा नेताओं की मानसिकता फासीवादी है और ये इसी ढर्रे पर देश को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

महंगाई, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता की पोषक भाजपा के खिलाफ पूरे देश में गुस्सा चरम पर है। झारखंड की जनता ने इन्हें पहले ही नकार दिया है। इन्हें अब कोई मुद्दा नहीं मिल रहा है, तो सांप्रदायिक एजेंडा आगे कर रहे हैं। जनता इनकी असलियत जानती है। झारखंड को भाजपा ने रसातल में धकेल दिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा विकास कार्यक्रमों को बड़े पैमाने पर लागू करने से भाजपा नेताओं को परेशानी हो रही है।

chat bot
आपका साथी