कांग्रेस का शिगूफा या राजनीतिक हकीकत! क्‍या सच में झारखंड में सरकार गिराने की ताक में है भाजपा; पढ़ें अंदर की खबर

Jharkhand Political Update राजस्‍थान में सचिन पायलट प्रकरण के बीच झारखंड में कांग्रेस और भाजपा के बीच वार-पलटवार शुरू है। कांग्रेस ने भाजपा पर सरकार गिराने की कोशिश का आरोप लगाया।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Wed, 15 Jul 2020 10:55 PM (IST) Updated:Thu, 16 Jul 2020 04:47 AM (IST)
कांग्रेस का शिगूफा या राजनीतिक हकीकत! क्‍या सच में झारखंड में सरकार गिराने की ताक में है भाजपा; पढ़ें अंदर की खबर
कांग्रेस का शिगूफा या राजनीतिक हकीकत! क्‍या सच में झारखंड में सरकार गिराने की ताक में है भाजपा; पढ़ें अंदर की खबर

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के वित्त मंत्री और कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने बुधवार को एक दिन पहले भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने के लिए कांग्रेस विधायकों को प्रलोभन देने के आरोप को आगे बढ़ाते हुए कहा कि सरकार गिराने के लिए भाजपा कुछ भी कर सकती है। अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए उरांव ने कहा कि देशभर में भाजपा द्वारा किए जा रहे लोकतांत्रिक मूल्यों के हनन और जनादेश के अपमान की साजिश बेनकाब हो चुकी है। जनता द्वारा खारिज कर दिये जाने के बाद चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिशें भाजपा की ओर से लगातार की जाती हैं।

उन्होंने कहा कि पहले मणिपुर, कर्नाटक और महाराष्ट्र में क्या हुआ,सबने देखा। मध्यप्रदेश में तो भाजपा ने सारी हदें पार कर कोरोना संकटकाल में प्रजातांत्रिक मूल्यों की अवहेलना कर सरकार गिरा दी। संविधान में बिना विधानमंडल का सदस्य निर्वाचित हुए मंत्री बनने का प्रावधान जरूर किया गया है, वो भी विशेष परिस्थिति में, लेकिन मध्य प्रदेश में 12 ऐसे मंत्री बनाये गए हैं, जो विधानमंडल के सदस्य नहीं है। इन्हीं बातों के आधार पर उन्होंने एक बार फिर भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने के आरोप लगाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि राजस्थान में भी सरकार गिराने की कोशिश में भाजपा फेल हुई और झारखंड में भी इनके साथ यही होगा।  भाजपा ने एक व्यक्ति को माध्यम बनाकर सरकार गिराने के लिए पूरा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। झारखंड में भी इसी तरह की कोशिश की जा रही है। एक बार फिर उन्होंने उन विधायकों के नाम बताने से इन्कार किया जिनसे भाजपा कथित तौर पर संपर्क कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि राज्यसभा चुनाव के दौरान भी इसी तरह की कोशिश की गई थी, पैसे और पद देने की पेशकश के बदौलत सरकार बनाने का षडयंत्र रचा गया, लेकिन कांग्रेस और सत्तारूढ़ गठबंधन के सभी विधायक एकजुट हैं। कांग्रेस विधायक लाठी-डंडा खाकर और वर्षों तक जनता की सेवा के बाद चुनाव जीत कर आए है, कांग्रेस विधायक बिकाऊ नहीं, टिकाऊ हैं। भाजपा की साजिश कभी सफल होगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा का यह चरित्र रहा है कि पैसे और पद के प्रलोभन से इंकार करने के बाद विभिन्न जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर डराने-धमकाने की भी कोशिश की जाती है, लेकिन इससे भी पार्टी नेता डरने वाले नहीं है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डा राजेश गुप्ता छोटू और ओबीसी के चेयरमैन अभिलाष साहू भी उपस्थित थे। 

अपना घर संभाले कांग्रेस, जनता को दिग्भ्रमित न करे : दीपक प्रकाश

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सरकार के मंत्री रामेश्वर उरांव के हालिया बयान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कड़ी आपत्ति जताई है। दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को अपने विधायकों पर भरोसा नही है। इसीलिए भाजपा पर अनाप-शनाप आरोप लगा रही है। उन्होंने कांग्रेस को सलाह दी कि कांग्रेस पार्टी अपना घर संभाले ।

दीपक प्रकाश ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। कोरोना संकट में लोग भयभीत हैं। विधि व्यवस्था चौपट है। उग्रवादी घटनाएं आम होती जा रही हैं। राज्य के नौजवान, किसान, मजदूर हेमंत सरकार से निराश हो चुके हैं। अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सत्ता पक्ष के लोग ऐसी बयानबाजी कर रहे। चर्चा में बने रहने के लिए ऐसे बयान दिये जा रहे हैं। प्रकाश ने कहा कि सरकार के मंत्रीगण को जनता की समस्याओं से ज्यादा अपनी चिंता सता रही।

chat bot
आपका साथी