भाजपा-आजसू गठबंधन में सुलह के अंतिम समय तक चल रहे प्रयास

रांची भाजपा और आजसू पार्टी में चरम पर पहुंच चुकी तल्खी के बाद भी उम्मीदों की एक छोटी सी लकीर बची हुई है। दोनों चा िरहे हैं कि गठजोड़ न टूटे।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Nov 2019 05:06 AM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 06:16 AM (IST)
भाजपा-आजसू गठबंधन में सुलह के अंतिम समय तक चल रहे प्रयास
भाजपा-आजसू गठबंधन में सुलह के अंतिम समय तक चल रहे प्रयास

रांची : भाजपा और आजसू पार्टी में चरम पर पहुंच चुकी तल्खी के बाद भी उम्मीदों की एक छोटी सी लौ अभी भी बरकरार है। यही वजह है कि दोनों ही दल अंतिम समय तक एक दूसरे को लेकर संयमित रवैया अख्तियार किए हुए हैं। मंगलवार को आजसू प्रमुख सुदेश महतो मीडिया से मुखातिब तो हुए लेकिन गठबंधन को लेकर सधा जवाब दिया।

सुदेश ने गेंद भाजपा के पाले में डाल रखी है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर से झारखंड को लेकर मंथन का दौर जारी है। उम्मीद टूटी नहीं है यही वजह रही कि मंगलवार को भी पहले चरण की शेष बची दो सीटों पर भाजपा के स्तर से प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए। बताया जा रहा है कि सुलह के लिए बुधवार सुबह तक का इंतजार किया जाएगा। बात बनीं तो ठीक नहीं तो भाजपा लोहरदगा और हुसैनाबाद सीट से अपने प्रत्याशियों को सिंबल जारी कर सकती है।

झारखंड में पहले चरण के लिए 13 सीटों पर चुनाव होना है। इनमें भाजपा ने 11 सीटों पर ही प्रत्याशियों की घोषणा की है। बुधवार को पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन होने के बावजूद भाजपा ने हुसैनाबाद और लोहरदगा सीट से प्रत्याशी घोषित नहीं किया। गठबंधन पर भाजपा के विधानसभा सह प्रभारी नंद किशोर यादव ने कहा कि निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है।

आजसू प्रमुख सुदेश महतो के आवास पर मंगलवार को दिन भर चले घटनाक्रम पर निगाह डालने पर भी सुलह की झलक मिल जाती है। सुदेश ने पार्टी में सिर्फ राधाकृष्ण किशोर को शामिल किया। साबी देवी, प्रदीप कुमार बलमुचू, अकील अख्तर से मुलाकात तो की लेकिन न तो पार्टी में उन्हें शामिल किया और न ही किसी तरह का कमिटमेंट किया। स्पष्ट है कि सुदेश भाजपा से और अधिक अदावत के मूड में नहीं है।

बता दें कि आजसू ने सोमवार को 12 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की चक्रधरपुर सीट भी शामिल हैं। सिंदरी, सिमरिया और मांडू जैसी उन सीटों से आजसू ने प्रत्याशी उतारे हैं, जहां से भाजपा अपने उम्मीदवार पहले ही दे चुकी थी। मंगलवार को इसमें छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर का नाम और जुड़ गया।

----------

सुदेश आज हुसैनाबाद और छतरपुर के नामांकन में होंगे शामिल

आजसू प्रमुख सुदेश महतो बुधवार को हुसैनाबाद और छतरपुर में अपने प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगे। इन दोनों सीटों से आजसू में शामिल हुए कुशवाहा शिवपूजन मेहता और राधाकृष्ण किशोर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।

देर रात तक अटकी रहीं सुखदेव भगत की सांसें

भाजपा में हाल ही में शामिल हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत की सांसें देर रात तक अटकी रहीं। सुखदेव को रात एक बजे तक दिल्ली से कोई पैगाम नहीं मिला। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उनका फोन तक नहीं उठाया।

chat bot
आपका साथी