एफएमसीजी सेक्टर में बड़ी कंपनियों का खेल, बिना सेटलमेंट नए डिस्ट्रीब्यूटर्स को सौंप रही काम

कोरोना संक्रमण से अभी व्यापारी वर्ग पूरी तरह से उबारा भी नहीं है। वहीं बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बकाए और बिना सेटलमेंट किये नये डिस्ट्रीब्यूटर्स को काम सौंपने से व्यापारी परेशान हो रहे हैं। इसे देखते हुए व्यापारी वर्ग ने झारखंड चैंबर आफ कामर्स से मदद मांगी है।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 08:06 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 08:06 AM (IST)
एफएमसीजी सेक्टर में बड़ी कंपनियों का खेल, बिना सेटलमेंट नए डिस्ट्रीब्यूटर्स को सौंप रही काम
बिना सेटलमेंट नए डिस्ट्रीब्यूटर्स को सौंप रही काम। जागरण

रांची, जासं । कोरोना संक्रमण से अभी व्यापारी वर्ग पूरी तरह से उबारा भी नहीं है। वहीं बड़ी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बकाए और बिना सेटलमेंट किये नये डिस्ट्रीब्यूटर्स को काम सौंपने सहित कई कारणों से व्यापारी परेशान हो रहा है। इसे देखते हुए व्यापारी वर्ग ने झारखंड चैंबर आफ कामर्स से मदद मांगी है। व्यापारियों ने अपनी समस्या के साथ चैंबर भवन में चैंबर की एफएमसीजी एंड ड्यूरेबल ट्रेड उप समिति एवं झारखंड कंज्यूमर प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसियेशन की संयुक्त बैठक की। बैठक में डिस्ट्रीब्यूटर्स ने इस बात पर चिंता जताई कि कोविड के बाद से पुनः बडी-बडी कंपनियों द्वारा अपने पुराने डिस्ट्रीब्यूटर्स का बिना सेटलमेंट किये नये-नये डिस्ट्रीब्यूटर्स को अपना काम सौंपा जा रहा है। इससे उनकी पूंजी ब्लाक हो जा रही है।

इससे पहले चैंबर की मदद से दो-तीन वर्षों में इसमें कमी जरूर आई थी लेकिन फिर से ऐसे प्रयास शुरू हो चुके हैं। व्यापारियों की मांग है कि इस पर नियंत्रण जरूरी है। व्यापारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि कंपनियों द्वारा इस प्रकार की कार्रवाई नहीं बंद की गई, तब सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऐसे कंपनियों का सामूहिक बहिष्कार करने पर विवश होंगे। बिग बाजार द्वारा अपने डिस्ट्रीब्यूटरों के बकाये राशि का भुगतान नहीं किये जाने से हो रही समस्या पर भी बैठक में चिंता जताई गई। हालांकि इस मामले में चैंबर ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में राजधानी रांची में दिन के समय नो इंट्री के कारण तीन पहिया मालवाहक वाहनों द्वारा माल की आपूर्ति में हो रही कठिनाईयों पर भी बैठक में डिस्ट्रीब्यूटर्स ने चिंता जताई।  व्यापारियों ने बताया कि दिन के समय दी गई छूट पर्याप्त नहीं है। व्यवसायियों के आग्रह पर जेसीपीडीए के अध्यक्ष संजय मोदी ने इस समस्या के समाधान हेतु शीघ्र ही यातायात पुलिस अधीक्षक से वार्ता का आश्वासन दिया। मौके पर ही कई कंपनियों के उच्चाधिकारियों के साथ वार्ता करके डिस्ट्रीब्यूटर्स के विवाद का समाधान भी किया गया।

चैंबर के एमएमसीजी एण्ड ड्यूरेबल ट्रेड उप समिति चेयरमेन संजय अखौरी ने कहा कि कोविड की चुनौतियों से कुछ हद तक निपटते हुए अब व्यापारी धीरे-धीरे अपने व्यापार को गति दे रहे हैं। लेकिन ऐसे समय में बिग बाजार द्वारा अपने बकाये का भुगतान नहीं करना चिंतनीय है। अन्य कंपनियों के साथ सेटलमेंट में हो रही कठिनाईयों के निराकरण को लेकर उन्होंने कहा कि व्यापारियों के बीच बढती इस समस्या के स्थाई समाधान हेतु हम चिंतित हैं।

chat bot
आपका साथी