आकांक्षा पेटी रखकर लोगों का सुझाव लेगी भाजपा, 20-23 तक प्रत्‍येक प्रमंडल में चलेगा कार्यक्रम

Jharkhand. भाजयुमो के राष्ट्रीय मंत्री गौरव तिवारी ने कहा कि नए झारखंड के निर्माण के लिए यह अभियान पूरे राज्‍य में चलाया जाएगा।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 19 Oct 2019 09:52 PM (IST) Updated:Sat, 19 Oct 2019 09:52 PM (IST)
आकांक्षा पेटी रखकर लोगों का सुझाव लेगी भाजपा, 20-23 तक प्रत्‍येक प्रमंडल में चलेगा कार्यक्रम
आकांक्षा पेटी रखकर लोगों का सुझाव लेगी भाजपा, 20-23 तक प्रत्‍येक प्रमंडल में चलेगा कार्यक्रम

रांची, राज्य ब्यूरो। नए झारखंड के निर्माण से प्रत्येक झारखंडी को जोडऩे की मुहिम भाजपा ने शुरू की है। इस अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने सभी 513 मंडलों में आकांक्षा पेटी रखकर लोगों के सुझाव आमंत्रित करेगी। भाजपा की युवा इकाई भाजयुमो के तत्वावधान में यह अभियान पूरे राज्य में एक साथ 20 से 23 अक्टूबर के मध्य चलाया जाएगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय मंत्री गौरव तिवारी ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।

कहा कि आकांक्षा पेटी से आए सुझावों को भाजपा अपने चुनाव संकल्प पत्र का हिस्सा भी बनाएगी। गौरव तिवारी ने बताया कि आकांक्षा पेटी के माध्यम से हम झारखंड के हर गांव, हर पंचायत तक जाकर लोगों की क्या आकांक्षाएं हैं, यह जानेंगे। उनकी समस्याएं क्या हैं और इसका समाधान कैसे हो, इसकी विवरणी तैयार करेंगे। और, उसी के आधार पर सरकार काम करेगी।

इसके अलावा, जनता मिस कॉल, फेसबुक और ट्विटर के माध्यम से भी अपने सुझाव दे सकती है। भाजयुमो ने इस कार्यक्रम का संयोजक राहुल अवस्थी को बनाया है। गौरव तिवारी ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका होगी। भाजपा 65 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। इस मौके पर भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार और संजय पोद्दार भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी