BJP कार्यालय में बोले बाबूलाल- नि:शब्द हूं, अभिभूत कर गया स्वागत

Jharkhand Politics. बाबूलाल के आने से भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता बहुत उत्साहित दिखे। बाबूलाल ने यहां पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 18 Feb 2020 02:43 PM (IST) Updated:Tue, 18 Feb 2020 07:38 PM (IST)
BJP कार्यालय में बोले बाबूलाल- नि:शब्द हूं, अभिभूत कर गया स्वागत
BJP कार्यालय में बोले बाबूलाल- नि:शब्द हूं, अभिभूत कर गया स्वागत

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड विकास मोर्चा का भाजपा में विलय के बाद मंगलवार को दोपहर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी भाजपा कार्यालय पहुंचे तो उनका स्वागत किसी हीरो की तरह किया गया। कार्यकर्ताओं से लेकर पार्टी पदाधिकारी और विधायकों तक की मौजूदगी ने बाबूलाल को अभिभूत कर दिया। कार्यक्रम के ठीक बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, नि:शब्द हूं।

ऐसा स्वागत हुआ है कि मेरे पास व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। इसके पूर्व पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दीनदयाल सभागार में माला, पुष्प गुच्छ, पटका एवं पुस्तक भेंट कर उनका स्वागत किया गया।

मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि 14 वर्षों के बाद प्रदेश कार्यालय आने पर मेरा जिस प्रकार से स्वागत हुआ उससे मैं अभिभूत हूं। मुझे ऐसी उम्मीद नहीं थी, मेरे पास कार्यकर्ताओं को आभार प्रकट करने केलिए शब्द नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पूरी क्षमता के साथ पार्टी की सेवा करूंगा। रांची में जिस दिन रहूंगा कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिलकर पार्टी संगठन की मजबूती एवं विस्तार के लिये कार्य करता रहूंगा।

सिर्फ बहाने बना रही सरकार, काम नहीं कर रही

झारखंड सरकार के संबंध में बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल बहाने बना रही है, कोई काम नहीं कर रही। इसे अपने वायदों पर अमल करना चाहिए। पूर्ववर्ती सरकार की योजनाओं की जांच कराने से संबंधित हेमंत सरकार की घोषणा पर उन्होंने कहा कि जांच कराने से सरकार को किसने रोका है, सरकार जिस स्तर पर चाहे जांच करानी चाहिए।

इस अवसर पर स्वागत करते हुए प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि आज हम सब जहां बाबूलाल जी का स्वागत कर रहे उस कार्यालय की नींव इन्होंने ने ही रखी थी। इनके मार्गदर्शन में पार्टी और मजबूत होगी। मरांडी का स्वागत करनेवाले नेताओं में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, प्रतुल शाहदेव, शिवपूजन पाठक हेमंत दास, संजय जायसवाल, तारिक इमरान, सीमा शर्मा, गणेश मिश्रा, नीरज पासवान, संजय झा, अमर बाउरी, प्रदीप सिन्हा, सांवरमल अग्रवाल आदि शामिल थे।

कार्यालय में किया भोजन

स्वागत के बाद मरांडी ने प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह से संगठनात्मक चर्चा की एवं कार्यालय में ही भोजन किया। इसके बाद मरांडी क्षेत्र के लिए प्रस्थान कर गए।

मुरलीधर राव पर्यवेक्षक नियुक्त

राज्य ब्यूरो, रांची : झारखंड में भाजपा ने विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए राष्ट्रीय महामंत्री पी मुरलीधर राव को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। राष्ट्रीय महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह ने यह जानकारी दी है। विधानसभा के बजट सत्र के पहले भाजपा विधायक दल का नेता चुनने की औपचारिकता पूरी कर ली जाएगी।

chat bot
आपका साथी