दो लड़कियों को दिल्ली ले जाने की फिराक में था मानव तस्कर आजाद आलम, पुलिस ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना की पुलिस ने गुरुवार की मध्य रात्रि जरडा गांव में खुर्शीद अलम के घर में छापामारी की और उसके घर के एक बंद कमरे से दो लड़कियों को मुक्त कराया। मानव तस्करी के मुख्य अभियुक्त आजाद आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 01:39 PM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 01:44 PM (IST)
दो लड़कियों को दिल्ली ले जाने की फिराक में था मानव तस्कर आजाद आलम, पुलिस ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार
दो लड़कियों को दिल्ली ले जाने के फिराक में था मानव तस्कर आजाद आलम। जागरण

गुमला, जारी, संसू। झारखंड के गुमला जिले के जारी थाना की पुलिस ने गुरुवार की मध्य रात्रि जरडा गांव में खुर्शीद अलम के घर में छापेमारी की और उसके घर के एक बंद कमरे से दो लड़कियों को मुक्त कराया। मानव तस्करी के मुख्य अभियुक्त आजाद आलम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। लड़कियों को उनके माता-पिता के बगैर सूचना दिए, बहला-फुसलाकर अपहरण कर अपने घर में छुपा कर रखने और काम दिलाने के नाम पर दिल्ली ले जाने के मामले में जारी थाना में प्राथमिकी दर्ज करते हुए शुक्रवार को जेल भेज दिया।

दोनों लड़कियों को महिला चौकीदार ने अपने कब्जे में ले लिया और पूछताछ के बाद लड़कियों को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि जरडा निवासी आजाद आलम द्वारा मानव तस्करी के लिए दो लड़कियों को अपने घर में रखने की उन्हें गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस ने गुरुवार की रात लगभग 11 बजे उसके घर को घेर लिया और छापेमारी की। एक बंद कमरे को खुलवाया तो वहां दो लड़की बैठी हुई थी। महिला चौकीदार मुक्ति देवी एवं घनसोनी देवी ने दोनों लड़कियों को अपने कब्जे में ले लिया। पूछताछ पर बताया कि उन लोगों के गांव में आजाद का ससुराल है।

ससुराल आने जाने के दौरान उन लोगों की उससे जान पहचान हुई है। 17 जून को शाम सात बजे आजाद और उसका एक साथी उन लोगों को दिल्ली में काम दिलाने के नाम पर ठग कर अपने साथ मोटरसाइकिल में बैठा कर यहां लाया है। सुबह दिल्ली ले जाने का बात कर रहा था। लड़कियों ने बताया कि उन लोगों के यहां आने और दिल्ली जाने की जानकारी परिजनों को नहीं है। थाना प्रभारी ने पूछताछ के बाद दोनों लड़कियों को परिजनों को सौंप दिया और बिना सूचना कहीं नहीं जाने की हिदायत दी।

chat bot
आपका साथी