कर्नल के घर में मृत मिला सेना का जवान, स्वास्थ्य समस्याओं से था परेशान

हरमू के लोकनारायण पार्क स्थित एक मकान से सेना के जवान को मृत पाया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 06:54 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 06:54 AM (IST)
कर्नल के घर में मृत मिला सेना का जवान, स्वास्थ्य समस्याओं से था परेशान
कर्नल के घर में मृत मिला सेना का जवान, स्वास्थ्य समस्याओं से था परेशान

जागरण संवाददाता, रांची : हरमू के लोकनारायण पार्क स्थित एक मकान से सेना के जवान को मृत पाया गया। मकान (संख्या डी/ 81) सेना के कर्नल का बताया जा रहा है। मंगलवार को सुबह नौ बजे स्वजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंची अरगोड़ा थाना पुलिस ने मकान के प्रथम तल्ला स्थित एक कमरे को पेचकस के सहारे खोला गया जहां जवान पेट के बल पड़ा हुआ था। मृत जवान की पहचान ओरमांझी के हरदाग निवासी संतोष मुंडा पिता सामू मुंडा के रूप में हुई है। संतोष मुंडा बरेली में पोस्टेड था। छुट्टी में रांची आया हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। जानकारी के अनुसार कर्नल कहीं और ड्यूटी कर रहे हैं। उनका घर खाली था। रांची आने पर संतोष मुंडा कभी कभार इस घर में भी रुकता था। हरमू में कितने दिनों से रह रहा था इसकी जानकारी फिलहाल नहीं हो पायी है। स्वास्थ्य कारणों से मेडिकल यूनिट में किया गया था तबादला : जवान की मौत की सूचना पर रांची से भी सेना के अधिकारी व कुछ जवान मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार जवानों ने बताया कि संतोष का स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। इसी कारण जेनरल ड्यूटी से हटा कर उसे बरेली के मेडिकल यूनिट में तबादला कर दिया गया था। मौत की सूचना से स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। स्वजन पुलिस से बात करने की स्थिति में नहीं थे। इस कारण ये पता नहीं चल पाया है कि आखिर संतोष मुंडा को क्या बीमारी थी। अरगोड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि संतोष मुंडा पेट के बल पाया गया और मुंह खुला था। इससे अंदेशा है कि अत्यधिक दर्द से उसकी मौत हुई है। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आयेगा।

chat bot
आपका साथी