GOOD NEWS : रनवे की रिकारपेटिंग के बाद रांची से शुरू होंगी पटना समेत कई शहरों के लिए फ्लाइट

रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जल्द ही कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने वाली हैं। बस इंतजार है रनवे की रिकारपेटिंग का काम खत्म होने का। रनवे की मरम्मत का काम 27 अप्रैल को खत्म होने के बाद कई शहरों के लिए उड़ानेंं शुरू करने की योजना है।

By Sanjay Kumar SinhaEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 08:28 PM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 08:28 PM (IST)
GOOD NEWS : रनवे की रिकारपेटिंग के बाद रांची से शुरू होंगी पटना समेत कई शहरों के लिए फ्लाइट
रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर चल रहा रिकारपेटिंग का काम।

रांची (जासं): रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जल्द ही कई शहरों के लिए उड़ानें शुरू होने वाली हैं। बस इंतजार है रनवे की रिकारपेटिंग का काम खत्म होने का। रनवे की मरम्मत का काम 27 अप्रैल को खत्म होने के बाद कई शहरों के लिए उड़ानेंं शुरू करने की योजना है। एक मई से पटना के लिए इंडिगो की उड़ान शुरू होगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की हरी झंडी मिल गई है। इसके बाद तीन या चार मई से गो एयर भी पटना के लिए फ्लाइट शुरू करेगा। इस तरह, मई में पटना के लिए रांची से दो फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। 

  अभी रांची एयरपोर्ट से कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, भुवनेश्वर, दिल्ली, चेन्नई और मुंबई के लिए तकरीबन 21 फ्लाइट उड़ान भर रहीं हैं। रांची से भुवनेश्वर के लिए 28 मार्च से फ्लाइट शुरू हुई है। ये फ्लाइट कोलकाता से वाया रांची भुवनेश्वर है।

रांची एयरपोर्ट से यात्रा : दिन शुक्रवार 

2896          यात्री विभिन्न शहरों से रांची आए  2605          मुसाफिर रांची से बाहर के शहरों में गए

तीसरी लेयर की रिकारपेटिंग का चल रहा काम 

रांची एयरपोर्ट पर अभी 28 मार्च से रिकारपेटिंग का काम शुरू है। इसके तहत, रनवे की मरम्मत की जा रही है। रनवे पर पहली और दूसरी लेयर की रिकारपेटिंग का काम दिसंबर से जनवरी तक चला था। तीसरी लेयर की रिकारपेटिंग का काम 27 अप्रैल तक चलेगा। 

कंपनी अपनी सुविधा के अनुसार तय करती है किराया 

रांची एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि जिस कंपनी की फ्लाइट है वो अपनी सुविधानुसार किराया तय करती हैं। जल्द ही इंडिगो और गो एयर अपनी फ्लाइट का किराया तय कर अपनी साइट पर डाल देंगी। 

एयरपोर्ट अथारिटी की हरी झंडी मिलने का इंतजार 

पुणे, जम्मू, वाराणसी व दरभंगा भी कतार में 

रांची से पुणे, जम्मू, वाराणसी और दरभंगा के लिए भी फ्लाइट उपलब्ध होंगी। रांची एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि मई के मध्य तक पुणे और जम्मू के लिए फ्लाइट शुरू हो जाएगी। इसके लिए एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया की हरी झंडी का इंतजार है। रांची एयरपोर्ट से दिल्ली पत्र भेजा गया है। इसके अलावा, रांची से वाराणसी के लिए भी उड़ान का प्रस्ताव एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया को भेजा गया है। इस पर अभी फैसला होना बाकी है। ये सांसद संजय सेठ का प्रस्ताव है। सूत्रों की मानें तो सांसद संजय सेठ खुद वाराणसी के लिए रांची से फ्लाइट शुरू कराने की जुगत में लगे हुए हैं। इसके लिए उन्होंने एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारियों से भी बात की है। 

एयरपोर्ट अथारिटी से चल रही बात 

रांची-दरभंगा फ्लाइट के लिए भी कवायद 

रांची से दरभंगा के लिए फ्लाइट शुरू करने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए दरभंगा के सांसद गोपाल ठाकुर पैरवी में जुटे हैं। उन्होंने एक दिन पहले इसके लिए दिल्ली में एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के अधिकारियों से बात की है। बताते हैं कि रांची से दरभंगा के लिए यात्रियों की काफी तादाद है। इसलिए, दरभंगा और रांची के लोग  दोनों शहरों के बीच हवाई संपर्क चाहते हैं ताकि उन्हें आने-जाने में आसानी हो जाए। 

पटना के लिए दो फ्लाइट शुरू होने वाली है। इसके लिए हरी झंडी मिल गई है। पुणे व जम्मू के लिए फ्लाइट का प्रस्ताव प्रक्रिया में है। अन्य शहरों के लिए भी मई में उड़ान शुरू हो सकती है।

विनोद कुमार श्रीवास्तव, निदेशक रांची एयरपोर्ट 

chat bot
आपका साथी