24 घंटे में मासूम को खोजने का दिलाया था भरोसा, 113 घंटे बाद कुएं में शव मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश; गांव पुलिस छावनी में तब्दील

पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेठकोनकी से सात साल के अपहृत बच्चे का शव घर के पास ही कुंआ में मिला है। सुबह में ग्रामीणों ने बच्चे का शव कुंआ में देखा। सूचना पर परिवार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुटे हुए हैं।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 12:02 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 02:06 PM (IST)
24 घंटे में मासूम को खोजने का दिलाया था भरोसा, 113 घंटे बाद कुएं में शव मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश; गांव पुलिस छावनी में तब्दील
रांची में अपहरण के 113 घंटे बाद कुएं में मिला 7 वर्षीय मासूम का शव। जागरण

रांची, जासं । पिठोरिया थाना क्षेत्र के हेठकोनकी से सात साल के अपहृत बच्चे का शव घर के पास ही कुंआ में मिला है। सुबह ग्रामीणों ने बच्चे का शव कुंआ में देखा। इसके बाद सूचना पर परिवार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां जुटे। पुलिस को भी सूचना दे दी गई। शव को कुएं से निकाला गया। इधर, छह दिन बाद मासूम का शव मिलने से ग्रामीण आक्रोशित हैं। गांव पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। मौके पर डॉग स्क्वायड घुमाने के बाद वापस भेज दिया गया है। पुलिस के अहम सुराग हाथ लगे हैं। बच्चे के शव को कुएं से निकालने के बाद पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है।

गौरतलब है कि पिछले छह दिनों से हेठकोनकी निवासी शहजहां अंसारी के सात साल का पुत्र शाहनवाज अंसारी लापता था। परिजनों ने अपहरण की आशंका जतायी थी। बच्चे की बरामदगी के लिए पुलिस ने एक जांच टीम बनायी थी। बच्चे को सकुशल वापसी का भरोसा दिया था लेकिन पुलिस बच्चे को वापस नहीं ला सकी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

भारी संख्या में जुटी भीड़। डॉग स्क्वायड गांव के अलग-अलग कोने में भ्रमण कर रही है। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ-साथ रांची के ग्रामीण एसपी से नौशाद आलम डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार डीएसपी सीपीआर विकास आनंद लागुरी, सहित पांच से ज्यादा इंस्पेक्टर सार्जेंट मेजर सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

ग्रामीणों ने दिया था 24 घंटे का अल्टीमेटम

ग्रामीणों ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। इस अल्टीमेटम के दौरान बरामद नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। हालांकि, पुलिस ने आश्वासन दिया था कि बच्चे काे 24 घंटे के अंदर खोज लिया जाएगा। शनिवार को लोगों का आक्रोश बढ़ता देख डीएसपी मुख्यालय वन नीरज कुमार, कांके थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर असीत कुमार मोदी, पिठोरिया थानेदार मिशिल सोरेन सहित अन्य पहुंचे थे।

बोरिंग के विवाद में बच्चे के अपहरण की आशंका

बच्चे के पिता ने बोरिंग के विवाद में बच्चे के अपहरण की आशंका जताई थी। कहा है कि वे अपने घर के पास ही बोरिंग करवा रहे थे। इस दौरान मंगरा उरांव, गिरू उरांच, चंपा उरांव, महादेव उरांव व रंजीत उरांव मारूती वैन से पहुंचे थे। इन लोगों ने जबरन बोरिंग का काम बंद करवा दिया था। उसी मारूती वैन में बच्चे को ले जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया है। पुलिस ने इस संदेह के आधार पर पांचों को हिरासत में ले लिया है।

chat bot
आपका साथी