रांची के तमाड़ में जेवियर स्कूल के वकील को गोलियों से भूना, जमीन विवाद में पांच अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम
Tamar Ranchi News Jharkhand Crime Update अधिवक्ता मनोज झा जेवियर स्कूल के लीगल एडवाइजर थे। बताया गया कि रड़गांव में 14 एकड़ जमीन में कॉलेज की चारदीवारी का निर्माण कराया जा है। वकील इसी को देखने गए थे।
तमाड़ (रांची), जासं। रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में चर्च रोड रांची निवासी अधिवक्ता 55 वर्षीय मनोज झा की हत्या अपराधियों ने गोली मारकर कर दी है। सोमवार को लगभग साढ़े तीन बजे दो पल्सर बाइक पर आए अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी नौशाद आलम व तमाड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को थाने लेकर आई। जानकारी के अनुसार मनोज झा संत जेवियर स्कूल के जमीन विवाद में केस की पैरवी कर रहे थे।
जेवियर स्कूल तमाड़ के रड़गांव में 14 एकड़ जमीन पर काॅलेज का निर्माण करा रहा था। वहां पर चारदीवारी का कार्य हो रहा था। बताया जाता है कि मनोज झा वहां पर देखरेख करने जाया करते थे। सोमवार को भी वह चारदीवारी निर्माण को देखने गए थे। निर्माण कार्य देखने के बाद वह रड़गांव से महज 500 मीटर की दूरी पर एक पेड़ के नीचे गाड़ी खड़ी कर उसमें बैठे हुए थे। साथ में उनका चालक असलम भी था।
तभी दो पल्सर मोटरसाइकिल पर पांच अपराधी आए और कार में बैठे मनोज झा पर गोलियों की बौछार कर दी। बताया जाता है कि मनोज झा को चार-पांच गोलियां लगी हैं। इससे घटनाथल पर ही उनकी मौत हो गई। इस दौरान एक अपराधी मनोज झा के चालक की कनपट्टी में पिस्टल सटाकर खड़ा रहा। गोली मारने के बाद अपराधी एनएच फोरलेन की ओर भाग गए।
ग्रामीण एसपी पहुंचे घटनास्थल पर
सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी नौशाद आलम घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जानकारी ली। ग्रामीण एसपी ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जमीन का कोर्ट में चल रहा विवाद
तमाड़ के रड़गांव की इस विवादित जमीन का विवाद रांची के कोर्ट में चल रहा था। जेवियर स्कूल की ओर से मनोज झा केस लड़ रहे थे। जेवियर स्कूल ने उस जमीन को रड़गांव के शेख रजा के वंशजों से 2007 में खरीदा था। उसी समय गांव के कुछ लोगों ने इस संबंध में कोर्ट में आवेदन दिया था। तभी से मामला कोर्ट में चल रहा है। बताया जाता है कि जेवियर काॅलेज के पक्ष में कोर्ट का फैसला आया था।
जिला बार एसोसिएशन ने जताया गहरा शोक
सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मनोज झा की हत्या को लेकर रांची जिला बार एसोसिएशन ने गहरा शोक जताया है। अधिवक्ताओं में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार स्व. मनोज झा ने 1992 से सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस प्रारंभ की थी। बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव संजय कुमार विद्रोही एवं पूर्व प्रशासनिक सचिव पवन रंजन खत्री ने उनकी हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही उनकी हत्या में शामिल अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने के साथ अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग राज्य सरकार से की है। बता दें कि हाल के वर्षों में राम प्रवेश सिंह समेत सिविल कोर्ट रांची के चार अधिवक्ताओं की हत्या हुई है।