साइबर फ्रॉड होने पर खाता होगा सील, अपराधी नहीं निकाल पाएंगे पैसे

दैनिक जागरण के कोकर स्थित कार्यालय में मंगलवार को प्रश्न पहर कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Sep 2021 06:30 AM (IST) Updated:Wed, 01 Sep 2021 06:30 AM (IST)
साइबर फ्रॉड होने पर खाता होगा सील, अपराधी नहीं निकाल पाएंगे पैसे
साइबर फ्रॉड होने पर खाता होगा सील, अपराधी नहीं निकाल पाएंगे पैसे

जासं, रांची: दैनिक जागरण के कोकर स्थित कार्यालय में मंगलवार को प्रश्न पहर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अतिथि के रूप में सिटी एसपी सौरभ कार्यक्रम में शामिल हुए। शहर की विधि-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक से जुड़े आम लोगों के प्रश्नों का उन्होंने उत्तर दिया। सिटी एसपी ने कहा कि साइबर फ्रॉड बड़ी समस्या है। इसे रोकने के लिए रांची पुलिस लगातार काम कर रही है। बताया कि अब ऐसी तकनीक विकसित की जा रही है कि साइबर फ्रॉड की सूचना मिलते ही अपराधियों का खाता सीज किया जाएगा ताकि अपराधी पैसे की निकासी न कर पाएं। चोरी की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए आमलोगों को भी पुलिस की मदद करनी पड़ेगी। सामाजिक संगठन अपने स्तर पर भी सीसीटीवी कैमरे लगाएं। घर बंद कर कहीं बाहर जा रहे हैं तो पुलिस को सूचित कर दें ताकि पेट्रोलिग पार्टी नजर रख सके। अपर बाजार की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त हो इसके लिए व्यवसायियों के साथ मिलकर योजना बनाई जाएगी। मंगलवार 3 बजे से चार बजे तक आयोजित प्रश्न पहर में बड़ी संख्या में राजधानीवासियों ने प्रश्न पूछे। प्रस्तुत है आमलोगों के प्रश्न और सिटी एसपी के उत्तर। प्रश्न: साइबर अपराध की घटनाएं बढ़ गईं हैं। थाने में शिकायत तो होती है पैसे रिकवर नहीं होते।

-विवेक सिंह, कोकर

उत्तर:साइबर फ्रॉड के मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी का आंकड़ा पहले से बढ़ा है। अगर अपराध होते हैं तो अपराधी पकड़े भी जा रहे हैं। हाल ही में साइबर अपराध के कई संगठित गिरोह का पुलिस ने उद्भेदन किया है। साइबर फ्रॉड से बचने के लिए आमलोगों को भी जागरूक होना होगा। बैंक खाते से जुड़ी जानकारियां किसी से भी साझा न करें। खासकर ओटीपी किसी को भी न बताएं। साइबर अपराध की स्थिति में अविलंब अपराधियों का खाता सीज किया जाएगा ताकि पैसे की निकासी न हो।

प्रश्न:बूटी मोड़ इलाके में चेन-मोबाइल स्नैचिग की घटनाएं बढ़ गईं हैं।-चित्रा, बूटी

उत्तर : चेन, मोबाइल स्नैचिग की घटनाएं रोकने के लिए बाइक दस्ता को लगातार भ्रमणशील रहने का आदेश दिया गया है। कुछ इलाके चिह्नित किये गये हैं जहां इस प्रकार की घटनाएं होती हैं। अपराधियों की सूची तैयार कर कार्रवाई की जा रही है। आमलोगों को भी सतर्क रहना होगा। अगर सड़क पर चल रहे हैं तो बांये के बजाय दांये हाथ में मोबाइल रखकर बात करें। अपोजिट साइड होने के कारण स्नैचर मोबाइल नहीं उड़ा पायेगा।

प्रश्न: हवाई नगर रोड में चेन छिनतई गिरोह काफी सक्रिय है।-सतीश साहू, हटिया चौक

उत्तर: पुलिस ऐसे अपराधियों को चिह्नित कर अविलंब कार्रवाई करेगी। तत्काल इसपर कदम उठाये जायेंगे। प्रश्न: हटिया चौक के समीप शाम के बाद पुलिस गश्ती ठीक से नहीं होती, व्यवसायियों में असुरक्षा है।-आनंद लोहार, चांदनी चौक

उत्तर: व्यवसायी असुरक्षित महसूस न करें पुलिस सुरक्षा में मुस्तैद है। हटिया इलाके में गश्ती बढ़ायी जायेगी। प्रश्न: हटिया से लेकर बिरसा चौक तक हर वक्त जाम की स्थिति रहती है, इसमें सुधार की जरूरत है।-कृष्ण कुमार, हटिया।

उत्तर: पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती है लेकिन इस मार्ग पर ट्रैफिक लोड ज्यादा होने के कारण भीड़ बढ़ जाती है। इस पर विशेष ध्यान दिया जायेगा।

प्रश्न : जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के रिलायंस पेट्रोल पंप के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं करती। -संतोष शुक्ला

उत्तर : आपने संज्ञान में मामला दिया है। कार्रवाई की जाएगी।

प्रश्न : अभी भी राजधानी ट्रैफिक जाम से कराह रही है।ट्रैफिक स्मूथ करने के लिए कुछ करें। -अमित कुमार

उत्तर : इसके लिए उपाय किए जा रहे हैं। कई जगहों से अतिक्रमण हटाया जा रहा है।

प्रश्न : कई बार ट्रैफिक पुलिस डीजी लॉकर में रखे डाक्यूमेंट को वैध नहीं मानती।-संजीव कुमार, लालपुर

उत्तर : डीजी लॉकर सबसे सुरक्षित एप्लीकेशन है। इस बारे में ट्रैफिक पुलिस को प्रशिक्षित किया जाएगा।

प्रश्न : कई बार ऐसा होता है कि वाहन चलाते समय डाक्यूमेंट साथ में नहीं रहता। ऐसे में क्या किया जाए।-डा. जेके भगत कांके

उत्तर : नियम के अनुसार, डाक्यूमेंट साथ में रखना अनिवार्य है। डीजी लॉकर बेहतर विकल्प है।

प्रश्न:ओबरिया रोड में सड़क किनारे अवैध रूप से गांजा, शराब की बिक्री होती है, राहगीरों को भय रहता है।--महेश सिंह, बाबानगर

उत्तर: ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को निर्देशित किया जायेगा। खुलेआम गांजा, शराब बेचना गंभीर मामला है। आगे ऐसा नहीं होगा।

chat bot
आपका साथी