Coronavirus Jharkhand: झारखंड के 24 जिलों में कोरोना, साहिबगंज भी नहीं बचा; एक दिन में 72 नए मामले

शनिवार को भी राज्य में रिकॉर्ड 72 मरीज मिले। इनमें सर्वाधिक 43 लोग पूर्वी सिंहभूम के हैैं। साहिबगंज में भी एक मरीज मिलने के बाद कोविड-19 का संक्रमण हर जिले में पहुंच गया है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 31 May 2020 04:25 AM (IST) Updated:Sun, 31 May 2020 05:34 PM (IST)
Coronavirus Jharkhand: झारखंड के 24 जिलों में कोरोना, साहिबगंज भी नहीं बचा; एक दिन में 72 नए मामले
Coronavirus Jharkhand: झारखंड के 24 जिलों में कोरोना, साहिबगंज भी नहीं बचा; एक दिन में 72 नए मामले

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड में कोरोना के संक्रमण ने अब रफ्तार पकड़ ली है। प्रवासियों के आने के बाद से मरीजों की संख्या में वृद्धि के रोज नए रिकॉर्ड बन रहे हैैं। शनिवार को भी राज्य में रिकॉर्ड 72 मरीज मिले। एक दिन पूर्व शुक्रवार को भी 46 मरीज मिले थे। शनिवार को मिले मरीजों में सर्वाधिक  43 लोग पूर्वी सिंहभूम के हैैं। वहीं अबतक कोरोना से अछूते रहे साहिबगंज में भी एक मरीज मिलने के बाद कोविड-19 का संक्रमण राज्य के हर जिले में पहुंच गया है। इस बीच राहत की बात यह है कि शनिवार को ही झारखंड में 38 मरीज कोरोना को मात देते हुए स्वस्थ भी हुए। राज्य में अबतक 258 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को स्वस्थ होनेवालों में रांची के पांच, कोडरमा के 19, गढ़वा के 13 तथा पश्चिमी सिंहभूम के एक मरीज शामिल हैैं।

शनिवार को मिले नए मरीजों में पूर्वी सिंहभूम के 43, धनबाद के 13, हजारीबाग तथा सिमडेगा में चार-चार, गढ़वा तथा खूंटी में दो-दो और गुमला, पाकुड़, साहिबगंज व पलामू के एक-एक मरीज शामिल हैैं। ये सभी प्रवासी मजदूर हैैं और मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली व अन्य शहरों से आए हैैं। राज्य में अब कोरोना के 332 सक्रिय केस हो गए हैं। वहीं अबतक कोरोना से संक्रमित हुए मरीजों की कुल संख्या 575 तक पहुंच गई है। राज्य में अबतक कोरोना से पांच लोगों की मौत हो चुकी है।

झारखंड में कोरोना से जंग

रफ्तार में कोरोना, मिले रिकॉर्ड 72 मरीज, 38 हुए स्वस्थ पूर्वी सिंहभूम में मिले सर्वाधिक 43 मरीज, राज्य में अब कोई जिला कोरोना से अछूता नहीं रांची के पांच, कोडरमा के 19, गढ़वा के 13 तथा पश्चिमी सिंहभूम के एक मरीज ने दी कोरोना को मात धनबाद में 13, हजारीबाग व सिमडेगा में चार-चार कोरोना मरीज मिले गढ़वा और खूंटी में दो-दो तथा गुमला, पाकुड़, साहिबगंज तथा पलामू में एक-एक नए मरीज राज्य में अब कोरोना के 332 सक्रिय मरीज, कुल संख्या 595 तक पहुंची अबतक 258 मरीज दे चुके हैं कोरोना को शिकस्त

पूर्वी सिंहभूम में थम नहीं रही रफ्तार

राज्य में पहली बार किसी जिले में एक दिन में 43 मरीज मिले हैं। इसी के साथ संक्रमण के मामले में पूर्वी सिंहभूम रांची के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। दो दिनों में यहां 58 मरीज मिल चुके हैैं, जबकि शनिवार को एक दिन में सबसे अधिक रिकार्ड 43 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए। इसमें सबसे अधिक घाटशिला के धालभूमगढ़ निवासी हैं। प्रवासियों में ज्यदातर चेन्नई, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, आसनसोल आदि स्थानों से लौटे है। वहीं इस जिले में कुल मरीजों की संख्या 94 तक पहुंच चुकी है। 

जेल में बंद है साहिबगंज का मरीज

साहिबगंज में कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक राजमहल इलाके का है। उसने कुछ दिन पहले क्वारंटाइन सेंटर में हंगामा किया था। इस कारण उसे गिरफ्तार कर राजमहल उपकारा भेज दिया गया था। खबर लिखे जाने तक जेल से उसे कोविड अस्पताल भेजने की तैयारी चल रही थी। इसी तरह खूंटी के दो मरीजों में एक युवक मुरहू तथा दूसरा रनिया प्रखंड का निवासी है। दोनों मुंबई से पहुंचे थे, जिसके बाद दोनों को क्वारंटाइन करते हुए जांच कराई गई थी।

chat bot
आपका साथी