Jharkhand: लोहरदगा में पुलिस टीम पर नक्‍सली हमला, आइईडी ब्लास्ट किया; 2 जवानों को लगी गोली

Jharkhand News लोहरदगा के सेरेंगदाग थाना से महज 500 मीटर की दूरी की यह घटना है। बताया जा रहा है कि जिला पुलिस बल के जवान पैदल ही कहीं जा रहे थे। तभी आइईडी ब्लास्ट किया गया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Fri, 30 Oct 2020 01:39 PM (IST) Updated:Fri, 30 Oct 2020 04:17 PM (IST)
Jharkhand: लोहरदगा में पुलिस टीम पर नक्‍सली हमला, आइईडी ब्लास्ट किया; 2 जवानों को लगी गोली
पुलिस बल की टीम घटनास्थल की ओर रवाना हो गई है।

लोहरदगा, जासं। लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित सेरेंगदाग थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुआ। इस दौरान माओवादियों ने आइईडी ब्लास्ट कर दिया है। यह ब्लास्ट मुख्य पथ पर किया गया है। इसमें 2 जवान बुरी तरह से घायल हो गए हैं। इन्हें बेहतर इलाज के लिए राजधानी रांची लाया जा रहा है। एसडीपीओ जितेंद्र कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि कर दी है।

बताया गया कि हवलदार कृष्णा उरांव घटना के दौरान गायब हो गया था। वह एक घंटे बाद सुरक्षित थाने पहुंचा। अभी घायलों का इलाज लोहरदगा में ही एंबुलेंस में किया जा रहा है। रांची से हेलीकॉप्‍टर मंगाया गया है। इसके बाद घायलों को रांची ले जाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार नक्‍सलियाें को भी नुकसान पहुंचा है।

घटना को ऐसे जानें

-घटना में सैट का एक जवान और जिला पुलिस बल का हवलदार घायल

- घायल पुलिसकर्मियों को एंबुलेंस में इलाज के बाद हेलीकाप्टर से रांची भेजा गया

- भाकपा माओवादी के दस्ता ने सेरेंगदाग पुलिस थाना की टीम पर किया हमला

- सेरेंगदाग थाना के शाहीघाट चौक के समीप की घटना, दो पहाड़ों के बीच से हमला किया

- घटना की सूचना मिलने पर दल-बल के साथ एसपी, एसडीपीओ, डीएसपी पहुंचे घटनास्थल

-.नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने का अंदेशा, एक जवान हो गया था गायब, एक घंटे बाद मिला

- दोनों ओर से 2000 राउंड फायरिंग, विपरीत परिस्थितों में पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, सर्च ऑपरेशन शुरू

बताया गया है कि अंजनी कुमार पांडे सैफ के जवान हैं। अंजनी को सीने में गोली लगी है जबकि उपेंद्र को जांघ में लगी है। शाहीघाट में 7 जवान चेकिंग में गए हुए थे। इसमें दो घायल हुए हैं। ग्रेनेट ब्लास्ट कर हमला किया गया। आधा घंटा तक गोली चली है। माओवादियों की तरफ से पहाड़ के दोनों ओर से नक्सलियों ने हमला किया। इसमें 1000 हजार चक्र गोली चलाई गई है।

बताया गया कि एसपी प्रियंका मीना भी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं। घायलों में जिला पुलिस के हवालदार उपेन्द्र सिंह व सैप के अरविंद पाण्डेय के नाम का खुलासा हुआ है। वहीं कुछ और पुलिस जवानों के घायल होने की भी सूचना है। तीसरे घायल के नाम का इस समय खुलासा नहीं हुआ है। बताया जा रहा कि मुठभेड़ अभी भी जारी है।

उधर, इस मामले में पुलिस के आला अधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ को भी मौके की ओर रवाना कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि जिला पुलिस बल के जवान पैदल ही कहीं जा रहे थे, तभी माओवादियों ने आइईडी ब्लास्ट कर दिया। इसमें जवान बुरी तरह से घायल हो गए।

धमाका इतना जोरदार था कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। धमाके के बाद फायरिंग की भी आवाज लोगों को सुनाई दी है। पुलिस और सीआरपीएफ के जवान बेहद सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं। लोहरदगा जिले में लंबे समय के बाद नक्सली संगठन ने किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया है।

इस मुठभेड़ में अब तक किसी नक्सली के मारे जाने की सूचना पुलिस की ओर से नहीं दी गई है। मुठभेड़ जारी होने के कारण सभी पुलिस पदाधिकारी व्यस्त बताए जा रहे हैं। मौके से सूचना एकत्र करने में पुलिस जुटी हुई है। इस मुठभेड़ में कितने जवान घायल हुए हैं और कितने माओवादी मारे गए हैं, शाम तक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

chat bot
आपका साथी